नोएडा अथॉरिटी ने ट्विन टावरों को ध्वस्त करने की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारी बोले- 10 से 12 सेकंड में खत्म हो जाएगा 'खेल'

नोएडा अथॉरिटी ने ट्विन टावरों को ध्वस्त करने की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारी बोले- 10 से 12 सेकंड में खत्म हो जाएगा खेल
X
नोएडा के सेक्टर-93 ए स्थित सुपरटेक के दो ट्विन टावरों को 28 अगस्त को दोपहर ढाई बजे ध्वस्त किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इन टावरों को ध्वस्त करने की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। पढ़िये रिपोर्ट्र...

Noida Twin Tower Demolition: नोएडा के सेक्टर-93 ए स्थित सुपरटेक ट्विन टावरों को ध्वस्त करने की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। दोनों टावर को 28 अगस्त को दोपहर ढाई बजे ध्वस्त कर दिया जाएगा। ट्वीट टावर में रहने वाले लोगों को फ्लैट खाली करने के लिए पहले ही चेतावनी दी जा चुकी है। आज भी नोएडा अथॉरिटी की हितधारकों के साथ बैठक हुई। बैठक के बाद संबंधित अधिकारियों ने मौके पर जाकर तैयारियों का भी जायजा लिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नोएडा अथॉरिटी की सीईओ रितु माहेश्वरी का कहना है कि इस रविवार को होने वाले ब्लास्ट को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। आज अंतिम मौके का दौरा कर हितधारकों के साथ बैठक की गई। उन्होंने बताया कि दोनों टावर को ध्वस्त करने के लिए विस्फोटक लगा दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों टावर ध्वस्त करने की प्रक्रिया पूरी करने में 10 से 12 सेकंड का समय लगेगा। टावर ध्वस्त होने से करीब 80 हजार टन मलबा होगा, जिसका इस्तेमाल किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दोनों टावर में 1400 फ्लैट हैं। इनमें सात से आठ हजार लोग रहते हैं। दोनों टावर को ढहाने के लिए 500 से 700 मीटर का एरिया ब्लास्ट जोन में रखा गया है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर दो से तीन बजे तक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक के लिए रूट डायवर्ट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान दमकल, एंबुलेंस, पुलिस और अन्य रेस्क्यू टीमों को भी तैनात किया जाएगा। दोनों टावर ध्वस्त होने के बाद लोगों को आने की अनुमति दे दी जाएगी।

आवारा कुत्तों को भी रेस्क्यू किया जा रहा

नोएडा में एनजीओ फ्रेंडिकोज की ओर से आवारा कुत्तों को रेस्क्यू किया जा रहा है ताकि कुत्ते विस्फोटक की जद में न आ सकें। एनजीओ के कार्यकर्ता अकबर ने बताया कि बचाए गए जानवरों को एनजीओ के शेल्टर होम में रखा जाएगा और विध्वंस के बाद उन्हें इस जगह पर वापस लाया जाएगा और छोड़ दिया जाएगा।

आसपास की इमारतों को किया जा रहा कवर

दोनों टावर के ध्वस्त होने से धूल का जो गुब्बार उड़ेगा, उसका असर कई दिनों तक रह सकता है। ऐसे में नोएडा अथॉरिटी ने आसपास की सभी इमारतों और सार्वजनिक स्थानों को कपड़े से कवर करने का काम शुरू कर रखा है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि सांस के मरीजों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जाए ताकि उन्हें स्वास्थ्य संबंधित किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा दो अस्पताल रिजर्व रखे गए हैं ताकि कोई भी अप्रिय घटना हो तो उन्हें चिकित्सकीय सुविधा दी जा सके।

बता दें कि सुपरटेक के सियान और एपेक्ट नामक दोनों टावरों को ढहाने के लिए 3500 टन विस्फोटक लगाया गया है। आसपास के रेजिडेंट ने जहां भी कमजोर पिल्लर की मरम्मत की मांग की थी, वो कार्य भी पूरा हो चुका है। ऐसे में दावा है कि दोनों टावर के ध्वस्त होने से किसी अन्य इमारत को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हो पाएग।

Tags

Next Story