Baliya: कोहरे ने ली दो लोगों की जान, कई लोग घायल

Baliya: कोहरे ने ली दो लोगों की जान, कई लोग घायल
X
देश में बढ़ती ठंड के कारण हर जगह कोहरे की चादर दिख रही है। इसी कोहरे की वजह से बलिया जिले में दो लोगों की जान चली गई। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

देश भर में ठंड का असर देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में भी ठंड ने अपना असर लोगों को दिखाया है। बढ़ते ठंड के कारण सुबह के समय में कोहरे भी काफी अधिक होता है। इसकी वजह से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में घने कोहरे ने दो लोगों की जान ले ली। शुक्रवार को कोहरे के कारण हुई सड़क दुर्घटना में एक ई-रिक्शा चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सुखपुरा थाना क्षेत्र के शिवपुर-बसंतपुर मार्ग पर अपायल गांव के निकट शुक्रवार को एक ई-रिक्शा सवारी लेने के लिए सड़क के किनारे खड़ा था। तभी घने कोहरे के बीच बच्चों से भरी स्कूल बस सामने से आ रही थी। बस को घने कोहरे के कारण ई-रिक्शा नहीं दिखा और जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में कई अन्य लोग घायल

इस दुर्घटना में 35 वर्षीय ई-रिक्शा चालक सुनील राजभर बुरी तरह घायल हो गए। उसे फौरन अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण सुनील की इलाज के दौरान ही मौत हो गई। हादसे में 3 अन्य लोग घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में हो रहा है। पुलिस ने मृतक ई-रिक्शा चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर के बीच भिड़ंत

बलिया जिले में ही बैरिया थाना क्षेत्र के नौका टोला गांव के पास बृहस्पतिवार की देर शाम कोहरे के कारण मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार 40 वर्षीय सुनील कुमार की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी किरण देवी ने ट्रैक्टर चालक पुतुल यादव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज करते हुए ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

Tags

Next Story