नोएडा के Shrikant Tyagi के समर्थन में महापंचायत जारी, मंत्री बाल्यान बोले- श्रीकांत के खिलाफ कार्रवाई सही

नोएडा के Shrikant Tyagi के समर्थन में महापंचायत जारी, मंत्री बाल्यान बोले- श्रीकांत के खिलाफ कार्रवाई सही
X
नोएडा में गेझा के रामलीला मैदान में होने वाली इस महापंचायत को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट पर है। ट्रैफिक पुलिस ने नोएडा के भंगेल और गेझा गांव के आसपास सभी रूट डायवर्ट कर दिए हैं। महापंचायत में करीब छह राज्यों से त्यागी समाज के लाखों लोग हिस्सा लेंगे। दिनभर की अपडेट्स यहां पढ़िये...

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के नोएडा (Noida) के सेक्टर 93-बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी (Grand Omaxe Society) में महिला से बदसलूकी करने वाले श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) के समर्थन में त्यागी समाज की महापंचायत (Tyagi Samaj Mahapanchayat) आज हो रही है। नोएडा में गेझा के रामलीला मैदान (Ramlila Maidan) में होने वाली इस महापंचायत में 15 लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है। ऐसे में पुलिस अलर्ट पर है। खास बात है कि ओमैक्स सोसायटी की महिलाएं इस महापंचायत का विरोध कर रही हैं। ऐसे में पूरे दिन माहौल गर्म रहने वाला है। ऐसे में महापंचायत से जुड़ी दिनभर की अपडेट्स यहां पढ़िये....

मंत्री संजीव बाल्यान बोले- हम बात करेंगे

केंद्रीय मंत्री संजीव बाल्यान का कहना है कि श्रीकांत त्यागी ने जो कुछ भी किया है, उसके लिए सजा मिलनी चाहिए। यह सही नहीं है, जिस तरह से उनके परिवार को समस्याओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि त्यागी समाज ने हमेशा हमें वोट किया है। हम त्यागी समाज के साथ बैठकर बात करके उनकी समस्याओं को सुनेंगे।

महापंचायत ने पकड़ी जोर

त्यागी समाज की महापंचायत ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। पंडाल में हर जगह भीड़ ही भीड़ नजर आ रही है। महापंचायत में शामिल होने आए लोगों का कहना है कि बीजेपी ने श्रीकांत त्यागी पर अत्याचार किया है। अगर श्रीकांत को न्याय नहीं मिलता तो हम आने वाले हर चुनाव में बीजेपी का बहिष्कार करेंगे। महापंचायत में शामिल होने आए एक शख्स ने कहा कि संसद में जहां महिलाओं से अभद्र व्यवहार होता है, वहीं दो लोगों के बीच विवाद को इतना तुल दिया गया। श्रीकांत त्यागी पर महिला से अभद्रता करने पर कार्रवाई होती तो कोई दिक्कत नहीं लेकिन उन पर जो अन्य धाराओं में केस दर्ज किया, वो सहन करने लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि केवल त्यागी समाज ही नहीं बल्कि ब्राह्मणों को भी साथ लेकर बीजेपी का बहिष्कार करेंगे।

पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला

त्यागी समाज की महापंचायत के मद्देनजर नोएडा पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। महापंचायत स्थल पर दंगा विरोधी वाहन के साथ ही एंबुलेंस और दमकल विभाग की गाड़ियों समेत तमाम सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि हमने पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। त्यागी समाज के लोगों से संवाद करके अपील की गई है कि कानून व्यवस्था का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। हमने मौजूदा जानकारी के अनुसार सभी महत्वपूर्ण और रणनीतिक बिंदुओं पर कई पुलिस अधिकारी तैनात किए हैं।

छह राज्यों से त्यागी समाज के लोग करेंगे शिरकत

गौतम बुद्ध नगर त्यागी सभा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र त्यागी ने कल दावा किया कि छह राज्यों से त्यागी समाज के लोग इस महापंचायत में हिस्सा लेंगे। उन्होंने आरोप लगाया था कि श्रीकांत त्यागी पर केवल दबाव में सख्त कार्रवाई की गई है। महिला से बदसलूकी के मामले को नया रंग रूप दे दिया। उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई से समाज के लोग आहत हैं। त्यागी समाज के लोगों में स्थानीय सांसद डॉ. महेश शर्मा के प्रति नाराजगी है। त्यागी समाज दावा कर चुका है कि अगर श्रीकांत त्यागी के खिलाफ संगीन धाराएं वापस नहीं ली जाए तो बीजेपी का बहिष्कार किया जाएगा।

Tags

Next Story