उत्तर प्रदेश में अब महिलाओं के लिए चलेगा कोरोना वैक्सीनेशन का विशेष महाभियान, 65 जिलों में सक्रिय मामलों की संख्या 600 से कम

उत्तर प्रदेश में अब महिलाओं के लिए चलेगा कोरोना वैक्सीनेशन का विशेष महाभियान, 65 जिलों में सक्रिय मामलों की संख्या 600 से कम
X
प्रदेश में इस समय रिकवरी दर 97.4% है। बीते 24 घंटे में कोरोना महामारी से 136 लोगों की मृत्यु हुई।

उत्तर प्रदेश में एक ओर जहां कोरोना मरीजों की संख्या में गिरावट आने का सिलसिला लगातार जारी है, वहीं दूसरी ओर कोरोना वैक्सीनेशन अभियान को लगातार विस्तार दिया जा रहा है। 12 साल के बच्चों के अभिभावकों को कोरोना वैक्सीनेशन में प्राथमिकता देने के साथ ही अब योगी सरकार महिलाओं के टीकाकरण के लिए भी विशेष अभियान चलाने की तैयारी कर रही है।

उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रकाश के मुताबिक प्रदेश में सोमवार से महिलाओं के लिए स्पेशल वैक्सीन अभियान शुरू किया जाएगा। इन सेंटरों में केवल महिलाओं का टीकाकरण होगा। प्रदेश में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों का वैक्सीनेशन अभियान भी तेजी से चल रहा है। साथ ही, 12 साल के बच्चों के अभिभावकों को भी प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण किया जा रहा है।

65 जिलों में 600 से कम सक्रिय मामले

अमित मोहन प्रकाश ने बताया कि प्रदेश में अब 65 जिले ऐसे हैं, जहां सक्रिय मामलों की संख्या 600 से कम हो गई और वहां कर्फ्यू में छूट दी गई है। इस समय राज्य में रिकवरी दर 97.4% है। कल प्रदेश में 136 लोगों की मृत्यु हुई। पिछले 24 घंटे में 3,18,714 सैंपल की जांच की गई। अब तक कुल 5,07,23,809 सैंपल की जांच की जा चुकी है। इस समय प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 22,877 है।

Tags

Next Story