UP Election 2022: प्रियंका गांधी ने कहा- सरकार बनने पर लाएंगे नया कानून, महिला विरोधी अपराध में 10 दिन के भीतर होगी एफआईआर

UP Election 2022: प्रियंका गांधी ने कहा- सरकार बनने पर लाएंगे नया कानून, महिला विरोधी अपराध में 10 दिन के भीतर होगी एफआईआर
X
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने आज महाराजगंज के नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में रैली को संबोधित किया। उन्होंने विरोधी दलों पर जाति और धर्म के आधार पर राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (UP Assembly Election 2022) के पांचवें चरण (Phase 5) का मतदान शुरू होने में कुछ ही घंटे का समय बचा है, लेकिन राजनीतिक दल तमाम एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। आज कांग्रेस (Congress) की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने भी विरोधी दलों पर कड़ा प्रहार किया, लेकिन उनका दावा बड़ा है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस की सरकार बनती है तो महिला विरोधी अपराध में आरोपी के खिलाफ दस दिन के भीतर एफआईआर होगी। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसा नहीं हुआ तो आगे क्या करेंगे?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने आज महाराजगंज के नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यूपी में महिलाओं के ऊपर अत्याचार सबसे ज्यादा होता है। यूपी में पीड़ित परिवार को दबाया जाता है और पुलिस भी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हम ऐसा कानून लाएंगे कि महिला विरोधी अपराध करने वालों के खिलाफ दस दिन के भीतर एफआईआर दर्ज हो। अगर किसी ने एफआईआर दर्ज करने से रोका तो उस अधिकारी को भी सस्पेंड किया जाएगा।

प्रियंका गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में उछाल, आवारा पशुओं से होने वाली परेशानी को मंच से उठाया तो वहीं किसान, गरीबों और मध्यम वर्ग की समस्याओं को भी सामने रखा। उन्होंने बीजेपी समेत तमाम विरोधी दलों पर भी जाति और धर्म के आधार पर भी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दृष्टिकोण स्पष्ट है कि यूपी तरक्की की राह पर चले और सभी भाईचारे के साथ मिलकर रहे। इसके लिए लोग भारी संख्या में कांग्रेस को वोट दें ताकि कांग्रेस बहुमत की जीत बनाकर आपके हित के लिए काम कर सके।

Tags

Next Story