UP Kisan Mahapanchayat : किसान आंदोलन में नई जान फूंकने की तैयारी, टिकैत बोले- 40 लाख ट्रैक्टरों के साथ करेंगे दिल्ली कूच

UP Kisan Mahapanchayat : किसान आंदोलन में नई जान फूंकने की तैयारी, टिकैत बोले- 40 लाख ट्रैक्टरों के साथ करेंगे दिल्ली कूच
X
उत्तर प्रदेश में सबसे पहले भाकियू की ओर से महापंचायतों का आयोजन किया गया, लेकिन दिल्ली में ट्रैक्टर रैली हिंसा के बाद यहां राजनीतिक दल भी सक्रिय हो गए। राष्ट्रीय लोकदल हो, कांग्रेस हो या फिर समाजवादी पार्टी। सभी ने किसान महापंचायतों का आयोजन कर कृषि कानूनों के खिलाफ केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। राकेश टिकैत अब किसानों से आह्वान कर रहे हैं कि किसी भी राजनीतिक दल के साथ न जाएं। दरअसल...

केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में यूपी में किसान महापंचायतों का दौर तेजी पकड़ रहा है। भारतीय किसान यूनियन (BKU) के साथ तमाम राजनीतिक दल किसान आंदोलन में नई जान फूंकने के लिए कमर कस चुके हैं। शनिवार को बागपत में किसान महापंचायत को संबोधित करने पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत ने दोबारा दिल्ली कूच करने की धमकी देते हुए कृषि कानून वापस लेने की मांग की।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार के पास अभी भी समय है कि किसानों की मांग मानते हुए तीनों काले कानून वापस ले ले। अगर सरकार ऐसा नहीं करती तो देश भर से 40 लाख ट्रैक्टर दिल्ली की तरफ कूच करेंगे। किसान ट्रैक्टर में तेल डाल कर तैयार रहे। उन्होंने कहा कि कृषि कानून बनने से पहले उद्योगपतियों के गोदाम कैसे बन गए। हम इन्हें तोड़कर छप्पर में बदल देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार तभी झुकेगी, जब किसान एकजुट होगा। यह लड़ाई हमारी है। उन्होंने किसानों से किसी भी राजनीतिक पार्टी के साथ न जाने का आह्वान किया।

किसानों को साधने की होड़

राकेश टिकैत की यह अपील दर्शाती है कि यूपी में किस तरह से किसानों को साधने के लिए राजनीतिक दलों में होड़ लग गई है। उत्तर प्रदेश में सबसे पहले भाकियू की ओर से महापंचायतों का आयोजन किया गया, लेकिन दिल्ली में ट्रैक्टर रैली हिंसा के बाद यहां राजनीतिक दल भी सक्रिय हो गए। राष्ट्रीय लोकदल हो, कांग्रेस हो या फिर समाजवादी पार्टी। सभी ने किसान महापंचायतों का आयोजन कर कृषि कानूनों के खिलाफ केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। किसान महापंचायतों पर राजनीति इस तरह से हावी हुई कि रालोद की किसान महापंचायत के बाद स्वयं राकेश टिकैत ने सामने आकर स्पष्ट किया था कि भाकियू का इस किसान महापंचायत से कोई लेना-देना नहीं है। हालांकि बाद में राकेश टिकैत के साथ कई राजनेता समय-समय पर दिखाई दिए। अब राकेश टिकैत ने दोबारा से किसानों से आह्वान किया है कि वे किसी भी राजनीतिक दल के साथ न जाएं।

हालांकि अब मामला आगे निकलता दिखाई दे रहा है। इस बात का अंदाजा यहां से लगाया जा सकता है कि आम आदमी पार्टी भी अब यूपी में किसान महापंचायत करने जा रही है। आप की किसान महापंचायत 28 फरवरी को मेरठ में होगी, जिसे स्वयं आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल संबोधित करेंगे। आप सांसद संजय सिंह इस महापंचायत को सफल बनाने के लिए स्वयं सारी व्यवस्थाएं देख रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भी मेरठ आने का कार्यक्रम बना लिया है। प्रियंका गांधी छह मार्च को मेरठ में किसान महापंचायत कर सकती हैं। हालांकि अभी किसान महापंचायत का स्थान तय नहीं किया गया है, लेकिन मुमकिन है कि सरधना के कैली गांव में ही किसान महापंचायत की जाएगी।

Tags

Next Story