UP Panchayat Election 2021: पंचायत चुनाव के दौरान बरेली में पूर्व प्रधान की हत्या तो एटा में प्रत्याशी के पति को मारी गोली

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को पंचायत चुनावों में कुछ जगहों पर हिंसक घटनाओं का सिलसिला भी जारी रहा। इनमें बरेली और एटा में सबसे ज्यादा बवाल मचा। जहां बरेली जिले में दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष के दौरान एक पूर्व प्रधान की हत्या कर दी गई। वहीं एटा में प्रधान प्रत्याशी के पति को गोली मारी गई है। दोनों ही वारदातों के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराकर कुछ लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस प्रशासन मामलों में कार्रवाई में जुटा है।
दरअसल, बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव विवियापुर में रविवार देर रात दो पक्षों में हुए चुनावी संघर्ष में पूर्व प्रधान की मौत हो गई। जबकि सात लोग घायल हो गए। बरेली के पुलिस अधीक्षक (नगर) रविंद्र कुमार ने बताया कि विवियापुर गांव में पंचायत चुनाव की प्रतिद्वंद्विता को लेकर कहासुनी हुई जिसके बाद विवाद बढ़ गया और गोलीबारी हुई। इस दौरान धारदार हथियार भी चले। इस विवाद में एक पक्ष से महेंद्र समेत चार लोग धारदार हथियार की चोट से घायल हो गये। तो वहीं दूसरे पक्ष के पूर्व प्रधान नरेंद्र (45) का सोमवार सुबह जंगल में शव मिला। कुमार के मुताबिक नरेंद्र के शव पर गोली लगने और धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले है। गांव का माहौल को देखते हुए वहां पुलिस तैनात की गई है। दोनों ही पक्षों के लोग गांव से फरार हैं। इस मामले में पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है।
वहीं एटा जिले के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के मुख्यालय से सटे ग्राम पंचायत भगीपुर के प्रधान पद प्रत्याशी सुमन यादव के पति प्रवीण कुमार को रविवार रात मास्क पहने हुए बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने तमंचे से गोली मार दी। गोली प्रवीण के हाथ में लगी है और वह गंभीर रूप से घायल है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली (नगर) सुभाष कठेरिया ने सोमवार को बताया कि घटना कोतवाली नगर क्षेत्र के शिकोहाबाद रोड स्थित एयर प्रेशर के पास की है। हाथ में गोली लगने से घायल युवक को ज़िला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने हालात चिंताजनक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं परिजनों ने वारदात की वजह चुनावी रंजिश बताई है। उन्होंने निवर्तमान प्रधान के खिलाफ नामजद शिकायत दी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS