UP Weather: यूपी में सबसे ज्यादा तप रहा प्रयागराज, तापमान पहुंचा 43.2 डिग्री, जानिये अन्य शहरों का हाल?

UP Weather: यूपी में सबसे ज्यादा तप रहा प्रयागराज, तापमान पहुंचा 43.2 डिग्री, जानिये अन्य शहरों का हाल?
X
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी लखनऊ में सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की और ज्यादा बढ़ोतरी हो सकती है।

उत्तर-पश्चिम (North West) की ओर से चल रही गर्म हवा (Hot Winds) के चलते उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के लोगों को भीषण गर्मी (Scorching Heat) का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। वहीं लखनऊ (Lucknow) समेत तमाम जिलों की बात करें तो सामान्य तापमान के मुकाबले 5 से 8 डिग्री तक ज्यादा तापमान दर्ज हो रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने गर्मी से फिलहाल निजात न मिलने की बात भी कही है।

मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी लखनऊ में सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सबसे ज्यादा तापमान की बात करें तो प्रयागराज पहले नंबर पर है। यहां सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। इसी प्रकार अन्य जिलों में भी अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है। चिंताजनक पहलु यह है कि सामान्य तापमान में पांच से आठ डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई है।

वाराणसी में 41.7 डिग्री, वाराणसी एयरपोर्ट में 42.8 डिग्री, कानपुर आईएएफ में 42.6 डिग्री, कानपुर में 40.5 डिग्री, आगरा में 41.8 डिग्री, लखीमपुर खीरी में 40.1 डिग्री, गोरखपुर में 38.4 डिग्री, अयोध्या में 40 डिग्री, फुरसतगंज में 41 और सुल्तानपुर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है। इसी प्रकार अन्य जिलों में भी 40 डिग्री के पास या ऊपर चल रहे हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि गर्मी से निजात मिलना मुश्किल है। एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में और ज्यादा बढ़ोतरी होगी। आठ अप्रैल तक तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इसके अगले दिन तमाम शहरों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की और ज्यादा बढ़ोतरी हो सकती है।

यहां सामान्य के मुकाबले ज्यादा तापमान

मुजफ्फरनगर में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो कि सामान्य तापमान के मुकाबले सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। यहां का तापमान सामान्य के मुकाबले 8.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज हुआ है। शाहजहांपुर में सामान्य तापमान में 7.4 डिग्री, आगरा में 6.8, वाराणसी में 6.1 डिग्री की ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज हुई है। इसी प्रकार बलिया, गोरखपुर और इटावा को छोड़कर बाकी जिलों में सामान्य तापमान में 5 डिग्री से ज्यादा है।

Tags

Next Story