70 साल का हुआ यूपी, मोदी बोले- यह प्रदेश यूं ही नई ऊंचाइयों को छूता रहे

उत्तर प्रदेश का 70वां स्थापना दिवस आज बड़ी ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर सीएम योगी तक सभी ने प्रदेश की जनता को यूपी के स्थापना दिवस पर बधाई दी है। 70 साल पहले 1950 में आज के ही दिन उत्तर प्रदेश को यह नाम मिला था। केवल प्रदेश में रहने वाले ही नहीं, बल्कि कामकाज के सिलसिले में अन्य राज्यों में रह रहे लोग भी इस दिन को सेलीब्रेट कर रहे हैं। ट्विटर पर भी उत्तर प्रदेश ही ट्रेंड कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य के सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। त्याग, तप, परंपरा और संस्कृति की पावन भूमि रहा यह राज्य आज आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मेरी कामना है कि चौतरफा विकास की ओर अग्रसर यह प्रदेश यूं ही नई ऊंचाइयों को छूता रहे।'
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेश के सभी भाइयों व बहनों को शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की जोड़ी संस्कृति, अध्यात्म और धर्म की पावन भूमि उत्तर प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के लिए निरंतर सेवाभाव से काम कर रही है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी प्रदेश की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मेरे सभी भाइयों एवं बहनों को 'स्थापना दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रदेश में विकास की अपार संभावनाएं हैं, जिन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर काम हो रहा है। उत्तर प्रदेश निरंतर समृद्ध और विकसित हो, यही ईश्वर से मेरी कामना है।'
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम और लीलाधर श्रीकृष्ण की पावन जन्मभूमि का प्रदेश, भारत का हृदय प्रदेश, भारतीय संस्कृति का उद्गम स्थल। उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर सभी निवासियों को हार्दिक बधाई। आइए, हम सभी 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' की संकल्पना को साकार करने हेतु संकल्पित हों।' वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी बधाई देते हुए कहा, 'भारत के इतिहास, संस्कृति, आध्यात्म, कला, साहित्य, स्थापत्य, पर्यटन सहित सभी क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश का सदैव अद्भुत योगदान और विशिष्ट स्थान रहा है। आज उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेश को इस गौरव यात्रा पर गतिमान रहने तथा प्रदेशवासियों की उन्नति व खुशहाली की कामना है।'
जगह-जगह कार्यक्रमों का आयोजन
यूपी के स्थापना दिवस ग्राम और जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक मनाया जा रहा है। अवध शिल्पग्राम में आज यूपी दिवस कार्यक्रम है। राज्यपाल आनंद बेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे। यह यूपी दिवस का चौथा संस्करण है, जो 24 से 26 जनवरी तक चलेगा। पहली बार है कि यूपी दिवस लखनऊ के साथ-साथ नोएडा में भी मनाया जा रहा है। नोएडा के गौतमबुद्ध नगर स्थित नोएडा हाट में 24 जनवरी से 10 फरवरी तक एक जिला एक उत्पाद योजना पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी इसका औपचारिक उद्घाटन कल करेंगे। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस की थीम आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश, महिला युवा किसान, सबका विकास सबका सम्मान है। उद्घाटन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS