फतेहपुर में पत्नी ने पति को कहा- चिंता मत करो, नींद आ जाएगी... फिर चली कुल्हाड़ी, तड़प-तड़पकर मौत

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में शनिवार की रात को एक पति ने कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी का गला काटकर मौत के घाट उतार दिया। तीन बच्चों में से मंझले बच्चे ने वारदात को देखा, लेकिन शोर मचाने का साहस नहीं कर सका। सुबह हुई तो प्रत्यक्षदर्शी बच्चे ने ग्रामीणों को वारदात की सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को अरेस्ट कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। उसने बताया कि इसी शक में वो रात भर सो नहीं पाता था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फतेहपुर के अहमदनगर वार्ड में रहने वाला रामविशाल रैदास पेशे से राजमिस्त्री है। वो मूल रूप से मलवां क्षेत्र के गांव के रहने वाला है। करीब 20 साल से वो फतेहपुर में ही रह रहा है। उसके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। पुलिस पूछताछ में रामविशाल ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। उसने काफी बार बात करने की कोशिश की। पिछले डेढ़ महीने से वो रातभर सो भी नहीं पा रहा था।
शनिवार की रात को पूरा परिवार घर के बाहर सोया था। रात को रामविशाल ने अपनी पत्नी से सर्दी लगने की बात कही और चाद्दर मांगी। उसकी पत्नी ने पंखा बंद कर दिया और चाद्दर भी दे दी। इसके बाद भी रामविशाल सोया नहीं बल्कि इधर-उधर टहलने लगा। उसकी पत्नी ने जब घूमते देखा तो कहा कि चिंता मत करो, सोने की कोशिश करो, नींद आ जाएगी। इसके बाद वो सो गई।
राम विशाल ने कहा कि पत्नी के सोने के बाद उस पर खून सवार हो गया और घर में रखी कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी के गले पर चला दी। उसके दम तोड़ने के बाद वो चारपाई के पास बैठ गया। पुलिस ने बताया कि रामविशाल बार-बार यही दोहरा रहा है कि अगर जान से नहीं मारता तो उसे कभी नींद नहीं आती। सीओ सिटी वीर सिंह ने बताया कि रामविशाल का कहना है कि उसे अपनी पत्नी के हावभाव देखकर लग रहा था कि उसका किसी से अवैध संबंध चल रहा है। इसी वजह से उसे रातों नींद नहीं आती थी। आरोपी को गिरफ्तार करके हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को बरामर कर लिया गया है। उसकी मानसिक स्थिति की जांच कराई जाएगी। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS