यति नरसिंहानंद के फिर बिगड़े बोल, कहा- AMU और मदरसों को बम से उड़ाने के बयान पर दर्ज हुई FIR

यति नरसिंहानंद के फिर बिगड़े बोल, कहा- AMU और मदरसों को बम से उड़ाने के बयान पर दर्ज हुई FIR
X
एक धार्मिक कार्यक्रम में अलीगढ पहुंचे यति नरसिंहानंद ने फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने अलीगढ मुस्लिम यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की बात कही है।

अक्सर विवादों में रहने वाले जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद (Yati Narasimhananda) फिर अपने विवादित बयान को लेकर चर्चा में है। इस बार उन्होंने मदरसों और अलीगढ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) को लेकर विवादित बयान दिया है। एक धार्मिक कार्यक्रम में अलीगढ (Aligarh) आए यति नरसिंहानंद ने कहा कि AMU और मदरसों को चीन की तरह बम (Bomb) से उड़ा देना चाहिए। जिसके बाद बवाल मच गया है। पुलिस ने यति नरसिंहानंद और कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

क्या है पूरा मामला

रविवार को जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद एक धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए अलीगढ आये थे। इस दौरान जब पत्रकारों ने उनसे AMU और मदरसों में चल रहे सरकार के सर्वे के बारे में सवाल पूछे तो वे अपने आप पर काबू नहीं रख पाए। उन्होंने कहा कि AMU इस्लाम और भारत विभाजन का गढ़ है। इसी संस्थान में आजादी से पहले भारत के विभाजन की नींव पड़ी थी। मदरसे भी इस्लामिक कट्टरता को फैला रहे है। AMU और मदरसों को तो चीन की तरह बम से उड़ा देना चाहिए। इसके बाद मदरसे के छात्रों को शिविरों में भेज देना चाहिए, जहां इनके दिमाग से कुरान नाम के वायरस को निकाला जा सके। इन जैसे कुछ लोग हिन्दुओं के घरों की ओर घात लगाये बैठे हैं। इनसे सावधान रहने की जरुरत है।

लखीमपुर खीरी घटना पर भी बोले

यति नरसिंहानंद सिर्फ यहीं तक नहीं रुके। लखीमपुर खीरी की घटना पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना अपराध नहीं बल्कि धार्मिक उन्माद का परिणाम है। जिस तरह से बेटियों को मां-बाप के सामने से खींचकर ले जाया गया, यह एक चेतावनी है। हमें इसे समझकर सचेत रहना होगा, वरना आने वाली परिस्थितियां इससे भी बदतर होंगी। इसके अलावा भी कई मुद्दों पर यति नरसिंहानंद ने अपने विचार रखे।

यति नरसिंहानंद के साथ आयोजकों के खिलाफ भी मामला दर्ज

यति नरसिंहानंद के इन बयानों का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। जिसके बाद थाना गांधी पार्क पुलिस ने यति नरसिंहानंद और कार्यक्रम की आयोजक हिन्दू महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूजा शकुन पांडे और अशोक पांडे पर मुकदमा दर्ज कर लिया।

Tags

Next Story