चुनाव से पहले भोपाल में छत्तीसगढ़िया मिलन समारोह, मुख्यमंत्री भूपेश आज पहुंचेंगे

भोपाल। छत्तीसगढ़ के दिग्गज कांग्रेसी नेताओं ने भोपाल पहुंच कर अपने राजनीतिक गुरु दिग्विजय सिंह के लिए कमान संभाल ली है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव कल ही भोपाल पहुंच गए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार सुबह भोपाल पहुंच जाएंगे। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भोपाल के अवधपुरी जंबूरी मैदान पर रविवार शाम 4 बजे से छत्तीसगढ़िया मिलन समारोह का आयोजन किया गया है। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ से जुड़े प्रमुख संगठन के लोगों को आमंत्रित कर उनसे चुनाव में सहयोग की अपील की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्री टीएस सिंहदेव प्रमुख रूप से हिस्सेदारी करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस कमेटी मध्यप्रदेश की उपाध्यक्ष आभा सिंह और अरुणेश्वर देव द्वारा किया गया है। कार्यक्रम में भोपाल में निवास करने वाले छत्तीसगढ़िया लोगों से अपील की गई है कि वे कार्यक्रम में आकर अपनी समस्याओं से अवगत कराएं।
कार्यक्रम के आयोजन में प्रमुख संगठनों की भूमिका है। इनमें मिनी माता नारी उत्थान एवं बाल वृद्ध विकलांग सेवा संस्था, संत गुरु दास बाबा समिति, पुराव सरना आदिवासी सामाजिक संगठन, आदिवासी रोहताक समाज के मंडल भोपाल, बिरसामुंडा खेल समिति भोपाल, हल्बा समाज समिति भोपाल, अखिल भारतीय सतनाम सेना समिति और संत गुरु घासीदास सेवा समिति प्रमुख हैं। देर रात तक चलने वाले कार्यक्रम में कई संगठनों के लोगों को भी बुलाया गया है। बताया गया है कि भोपाल में कांग्रेस को इन संगठनों का समर्थन लेकर दिग्विजय सिंह के पक्ष में मजबूत आधार प्रदान करेंगे।
भोपाल संसदीय सीट हाईप्रोफाइल होने के कारण राजधानी की इस सीट पर सबकी नजर है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वरिष्ठ कांग्रेस नेता भोपाल लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के चुनाव प्रचार में प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, अमेठी और रायबरेली में आज शाम चुनाव प्रचार थमने के बाद लखनऊ से शाम 7.45 बजे ट्रेन से भोपाल रवाना हो जाएंगे। कल तड़के 5.50 बजे वे भोपाल पहुंचेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भोपाल पहुंच गए हैं। इनमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा और चरणदास महंत जो उनके मंत्रिमंडल में रह चुके हैं, ये सभी नेता उन्हें अपना राजनीतिक गुरु मानते हैं। सभी नेता एक दशक बाद लोकसभा चुनाव लड़ रहे दिग्विजय सिंह के प्रचार में जुटेंगे।
छत्तीसगढ़ के कई नेता पहुंचे
इधर छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा, राजकमल सिंघानिया सहित छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेसजन भोपाल पहुंच गए हैं। इन नेताओं ने दिग्विजय सिंह से मुलाकात की है। इन नेताओं ने आज पुराने भोपाल में श्री सिंह के साथ चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया। वहीं टीएस सिंहदेव ने सिहोर में एक चुनावी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बताया गया है कि सभी नेता भोपाल में रहकर प्रचार थमने के बाद वहां से छत्तीसगढ़ लौटेंगे। भोपाल संसदीय सीट में 10 मई को चुनाव प्रचार थमेगा। वहां 12 मई को मतदान होगा।
दशकों पुराना संबंध
अविभाजित मध्यप्रदेश के समय से ही दिग्विजय सिंह का छत्तीसगढ़ के नेताओं से सियासी और व्यक्तिगत संबंध रहा है। ज्यादातर नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री से ही राजनीति के दांव-पेंच सीखे हैं। यहां भाजपा ने आरएसएस लॉबी से साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को चुनाव मैदान पर उतारा है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS