भोपाल समेत प्रदेश भर में मंदिर- मस्जिदों की सुरक्षा को लेकर पुलिस चौकन्नी, 5000 से अधिक जवानों की तैनाती

भोपाल समेत प्रदेश भर में मंदिर- मस्जिदों की सुरक्षा को लेकर पुलिस चौकन्नी, 5000 से अधिक जवानों की तैनाती
X
राजधानी समेत प्रदेश भर में अयोध्या मसले को लेकर पुलिस चौकन्नी है। शांति-सुरक्षा के लिए पुलिस अलर्ट तो जारी नहीं हुआ है, अलबत्ता पुलिस सुरक्षा व्यवस्था हर मंदिर-मस्जिद व धार्मिक स्थलों पर लगाई गई है।

भोपाल। राजधानी समेत प्रदेश भर में अयोध्या मसले को लेकर पुलिस चौकन्नी है। शांति-सुरक्षा के लिए पुलिस अलर्ट तो जारी नहीं हुआ है, अलबत्ता पुलिस सुरक्षा व्यवस्था हर मंदिर-मस्जिद व धार्मिक स्थलों पर लगाई गई है। इसके लिए प्रदेश के सभी पुलिस के जोन के डीआईजी लोकल स्तर पर सुरक्षा इंतजामों के लिए अधिकृत किए गए हैं। इसकी पुष्टि हरिभूमि से चर्चा में शनिवार की रात मध्यप्रदेश पुलिस के प्रवक्ता एआईजी आशुतोष सिंह ने की है। सूत्रों की पुष्टि यह भी है कि पुलिस समूचे शहर में सिविल ड्रेस में ज्यादा घूम रही है। जो पैनी नजरों से हर ओर निगाह बनाए हुए हैं।

भोपाल की सुरक्षा व्यवस्था को डीआईजी (सिटी) इरशाद वली ने चौकस कर दिया है। जिसमें सभी धार्मिक स्थलों मंदिर-मस्जिद व संवेदनशील इलाकों में पुलिस व्यवस्था पुख्ता की गई है। सुरक्षा इंतजाम मजबूत रहें, इसके लिए सभी 41 पुलिस थाना क्षेत्रों के प्रभारी अपने-अपने इलाके में समय-समय पर गश्त कर रहे हैं और सुपरविजन अधिकारी इस चौकसी को परखें, ऐसे निर्देश दिए गए हैं। सभी क्षेत्रों में शांति कायम रहे, इसके प्रयास पुलिस कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सभी इलाकों की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।

इन इलाकों पर खास नजर :

राजधानी के तलैया काली माता मंदिर, पीरगेट इलाके (सोमवारा) के कर्फ्यू माता मंदिर, रेजीमेंट रोड क्षेत्र के मंदिर, महादेव मंदिर, शाहजहांनाबाद महादेव मंदिर, हमीदिया रोड माता मंदिर, बिरला मंदिर, रेत घाट मंदिर, जनसंपर्क चौराहा इलाके के बड़े मंदिर समेत ताजुल मसाजिद, रॉयल मार्केट मस्जिद, इब्राहिम पुरा की मोती मस्जिद, चौक बाजार की जामा मस्जिद, बुधवारा की कुलसुम्बी मस्जिद, सब्जी मंडी की मस्जिद समेत अन्य सभी मंदिर मस्जिदों पर सुरक्षा को लेकर पुलिस की नजर है। इन इलाकों में सिविल ड्रेस में पुलिस जवान तैनात हैं।

1000 से ज्यादा मंदिरों व 500 से ज्यादा मस्जिदों पर नजर :

राजधानी के 1000 से ज्यादा छोटे-बड़े मंदिरों समेत 500 से अधिक छोटी-बड़ी मस्जिदों पर पुलिस की नजर है। इसके अलावा दरगाहों व अन्य धार्मिक स्थलों पर भी पुलिस सुरक्षा के लिहाज से निगाह बनाए हुए है।

बस्तियों में मुखबिर सक्रिय कर दिए हैं :

पुलिस ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर राजधानी की विभिन्न बस्तियों में अपने मुखबिर तैनात कर दिए हैं। जो पल-पल की खबर पुलिस को दे रहे हैं कि कहीं कोई गड़बड़ी फैलाने की कोशिश तो नहीं कर रहा। जिन पर शक है, उनकी जानकारी एकत्रित की जा रही है।

5000 से अधिक पुलिस जवान सुरक्षा में :

भोपाल की सुरक्षा को लेकर 5000 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी लगे हुए हैं। यह सुरक्षा व्यवस्था दीपावली के त्यौहार से ही चौकस कर दी गई थी। जिसका घेरा दिनों दिन टाइट होता जा रहा है। क्योंकि सभी को पता है कि अयोध्या मसले का फैसला आने वाला है।

अलर्ट जारी नहीं है, सुरक्षा के निर्देश हैं :

- अयोध्या मामले के फैसले को लेकर सेंट्रल से पुलिस अलर्ट तो जारी नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था हर जगह है। प्रदेश के सभी डीआईजी लोकल स्तर पर पुलिस सुरक्षा प्रबंध संभाल रहे हैं। - आशुतोष सिंह, एआईजी व प्रवक्ता मप्र पुलिस.

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

Tags

Next Story