26/11 Mumbai Terror Attacks: जानें कहां है मुंबई हमले का मास्टमाइंड ?

26/11 Mumbai Terror Attacks: 26 नवंबर 2008 का दिन भारत के लिए काला दिन माना जाता है। यह वही दिन है जब लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादियों ने मुंबई को बम धमाकों और गोलीबारी से दहला दिया था। इस आतंकी हमले को 12 साल होने वाले हैं लेकिन यह भारत के इतिहास का वो काला दिन है जिसे कोई भूल नहीं सकता। हमले में 160 से ज्यादा लोग मारे गए थे और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
कहां है मुंबई हमले का मास्टरमाइंड?
हाफिज सईद के नेतृत्व वाला जेयूडी लश्कर-ए-तैयबा का मुखौटा संगठन है। लश्कर ही 2008 में हुए मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार था। इस हमले में छह अमेरिकियों समेत 166 लोगों की मौत हुई थी। अमेरिकी वित्त विभाग ने सईद को खास तौर पर वैश्विक आतंकवादी घोषित किया था। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद प्रस्ताव 1267 के तहत दिसंबर 2008 में उसे आतंकी सूची में डाला गया। लेकिन अब भी हाफिज सईद का ठिकाना पाकिस्तान में ही है। हालांकि पाकिस्तान हाफिज के खिलाफ कार्रवाई का ढोंग रचता रहता है मगर हकीकत यही है कि वह अब भी अपने गुट को चला रहा है। बता दें कि संयुक्त राष्ट्र ने हाफिज सईद को वैश्विक आतंकवादी घोषित कर रखा है और अमेरिका ने उस पर एक करोड़ अमेरिकी डॉलर का इनाम रखा है।
टेरर फंडिंग मामले में पाक कोर्ट ने सुनाई दस साल की सजा
वहीं गुरुवार को पाकिस्तान की एक आतंकवाद-निरोधी अदालत ने जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद को अवैध फंडिंग मामले में 10 साल कैद की सजा सुनाई है। जफर इकबाल और याहया मुजाहिद को 10-10 साल की सजा सुनाई गई है, जबकि अब्दुल रहमान मक्की को 6 महीने कैद की सजा सुनाई गई है्। इसके साथ ही हाफिज सईद की संपत्ति को जब्त करने का आदेश दिया गया है। यह जानकारी पाकिस्तानी मीडिया से प्राप्त हुई है। गौरतलब है कि यह मुंबई हमला मामला नहीं है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS