Afghanistan Earthquake: 20 मिनट के अंदर दो भूकंप से कांपा अफगानिस्तान, एक हफ्ते में 14 बार हिली धरती

Afghanistan Earthquake: दुनिया के कई देशों में पिछले कुछ सालों में भूकंप ने जमकर तबाही मचाई है। इसमें सबसे प्रभावित देशों में तुर्की और अफगानिस्तान जैसे देश शामिल हैं। इसी बीच, पश्चिमी अफगानिस्तान में एक के बाद एक भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। यूएसजीएस के मुताबिक, पहला झटका 9.6 मिनट पर आया और दूसरा झटका 9.26 पर महसूस किया गया है। पहले की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.3 रही। वहीं, दूसरे की 5.4 मापी गई। हालांकि, अभी तक किसी भी तरह के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।
एक हफ्ते में 14 भूकंप के झटके
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अफगानिस्तान में 7 अक्टूबर को 8 बार और 9 अक्टूबर को दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इतना ही नहीं, 11 और 13 अक्टूबर को भी यहां भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी। वहीं, आज भी दो बार भूकंप के झटके महूसस किए गए हैं। 7 अक्टूबर से शुरू हुए भूकंप ने अब तक लगभग 2,500 लोगों की जान ले ली है। इनमें से 90 फीसदी बच्चे और महिलाएं शामिल थी। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
लोगों को घर देना तालिबान के लिए बड़ी चुनौती
भूकंप के झटकों से 12,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अफगानिस्तान के तालिबान अधिकारियों के लिए बड़े पैमाने पर लोगों को घर देना एक बड़ी चुनौती साबित होगा। तालिबान ने अगस्त 2021 में सत्ता पर कब्जा कर लिया था और अंतरराष्ट्रीय सहायता संगठनों के साथ उसके संबंध बेहद खराब हैं। बता दें कि अफगानिस्तान में ज्यादातर घर मिट्टी से बने होते हैं और लकड़ी के खंभों की मदद से तैयार किए जाते हैं। इनमें स्टील या कंक्रीट का बहुत कम इस्तेमाल किया जाता है।
अफगानिस्तान में बार-बार क्यों महसूस किए जा रहे झटके
अफगानिस्तान में इतने तेज भूकंप बार-बार क्यों महसूस किए जा रहे हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि अफगानिस्तान यूरेशियन प्लेट की दक्षिणी सीमा के पास मे है, जिसके चलते यहां भूकंप का प्रभाव सबसे ज्यादा देखने को मिलता है। इसी वजह से अधिकतर भूकंप के केंद्र अफगानिस्तान में ही होते हैं। वहीं, इसका एक दूसरा कारण यह भी है कि ये एक पहाड़ी इलाका है, जिसके चलते नुकसान ज्यादा होता है। कुल मिलाकर भौगोलिक स्थिति की वजह से भी अफगानिस्तान में भूकंप आते हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS