Delhi के उपराज्यपाल के खिलाफ AAP का प्रदर्शन, पुलिस ने विधायकों को हिरासत में लिया, आरोपों की झड़ी शुरू

देश की राजधानी दिल्ली में उपराज्यपाल वीके सक्सेना (Lieutenant Governor VK Saxena) और आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के बीच तल्खी बढ़ती जा रही है। आज आप के विधायकों ने एलजी ऑफिस के नजदीक विरोध प्रदर्शन (Protest) किया। विधायकों को रोकना चाहा, लेकिन नहीं माने। हालात बिगड़ते देख आप के विधायकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस हिरासत में आप विधायकों ने गंभीर आरोप लगाए। उधर, उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आम आदमी पार्टी की सरकार जब से बनी है, तब से आरोप लगा रही है कि अगर राजधानी में कोई भी वारदात होती है तो इसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी क्योंकि पुलिस केंद्र सरकार के पास है। आप के सीएम अरविंद केजरीवाल कई बार मांग उठा चुके हैं कि राजधानी की पुलिस अगर दिल्ली सरकार के सुपुर्द कर दी जाए तो कानून व्यवस्था बेहतर हो सकती है। केंद्र और दिल्ली सरकार के पीछे चल रही तल्खी लंबे समय से बंद थी, लेकिन जब से उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने आम आदमी पार्टी पर सवाल उठाए तब से आप ने भी मोर्चा संभाल लिया।
इसी कड़ी में आप के विधायक दिल्ली में बढ़ती आपराधिक वारदातों और संगम विहार की घटना के विरोध में आज एलजी ऑफिस पर प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरे। विधायकों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग की गई, लेकिन विधायक आगे बढ़ने की जिद्द पर अड़ गए। विधायकों ने नारेबाजी करनी शुरू कर दी। इस पर बवाल बढ़ता देख दिल्ली पुलिस ने कई विधायकों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने अमानतुल्लाह खान के अलावा सौरभ भारद्वाज, दिलीप के पांडे, दुर्गेश पाठक, सोमनाथ भारती और संजीव झा को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन के बाद आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट कर लिखा, 'दिल्ली में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर एनसीआरबी की रिपोर्ट के बारे में दिल्ली के विधायक एलजी से मिलने गए। कैसे संगम विहार की स्कूल गर्ल को पुलिस से शिकायत करने के बाद भी गोली मार दी गई। एलजी के आदेश पर हमें गिरफ्तार किया गया है।' उधर, आप के कई अन्य नेता भी लगातार आरोप लगा रहे हैं कि गुजरात चुनाव हारने के डर से बीजेपी आम आदमी पार्टी को बदनाम करने की साजिश रच रही है। उधर, उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने अपने ऊपर लग रहे आरोपों पर भी जवाब दिया और सीधे सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।
उपराज्यपाल ने सीएम केजरीवाल को घेरा
उधर, उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर विषय से भटकाने वाले तरीके अपनाने और झूठे इल्जाम लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'मैंने सुशासन, भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस और दिल्ली के लोगों के लिए बेहतर सेवाओं का आह्वान किया, लेकिन दुर्भाग्य से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हताशा में भटकाव की रणनीति और झूठे आरोपों का सहारा लिया है।' उन्होंने कहा कि अगर आने वाले समय में मुझ पर और मेरे परिवार पर निराधार व्यक्तिगत हमले किए जाएं तो मुझे आश्चर्य नहीं होगा। उन्हें पता होना चाहिए कि मैं अपने संवैधानिक कर्तव्यों से विचलित नहीं होऊंगा। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए मेरी प्रतिबद्धता अटूट है।
यह है संगम विहार की घटना
संगम विहार में 25 अगस्त को 9वीं क्लास की छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह छात्रा स्कूल से घर लौट रही थी। आरोप अली नाम के एक शख्स पर है। बताया जाता है कि वो इंस्टाग्राम पर भी छात्रा को परेशान करता था। उसकी धमकियों से भी छात्रा नहीं डरी। उसने उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद से वो बदला लेना चाहता था। 25 अगस्त को बाइक सवार तीन युवकों ने पीछा किया और इस वारदात को अंजाम दिया। इसी घटना को मुद्दा बनाकर आप ने एलजी को घेर रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS