G-20 अब बना जी-21, अफ्रीकी संघ को भी मिली स्थायी सदस्यता, PM Modi ने की आधिकारिक घोषणा

G-20 अब बना जी-21, अफ्रीकी संघ को भी मिली स्थायी सदस्यता, PM Modi ने की आधिकारिक घोषणा
X
G20 Summit 2023: नई दिल्ली के भारत मंडपम में जी-20 शिखर सम्मेलन जारी है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अफ्रीकी संघको जी20 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया और उनके प्रस्ताव को सभी सदस्य देशों ने स्वीकार कर लिया।

G20 Summit 2023: आज 9 सितंबर को नई दिल्ली में भारत मंडपम अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी-कन्वेंशन सेंटर में जी20 शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसी बीच, इसमें एक बड़ी घोषणा हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को औपचारिक रूप से अफ्रीकी संघ को 20 देशों के समूह जी-20 के स्थायी सदस्य के रूप में शामिल करने की घोषणा की। पीएम मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन में आधिकारिक तौर पर शामिल होने के लिए अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष और कोमोरोस के राष्ट्रपति अज़ाली असौमानी का स्वागत किया।

भारत ने स्थायी सदस्यता देने का प्रस्ताव रखा

भारत ने अफ़्रीकी संघ को G20 की स्थाई सदस्यता देने का प्रस्ताव रखा। पीएम मोदी ने कहा कि मेरा मानना है कि इस पर सभी की सहमति है। उन्होंने औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि हर किसी की सहमति से, मैं अफ्रीकी संघ प्रमुख से स्थायी जी20 सदस्य के रूप में अपनी सीट लेने का अनुरोध करता हूं। अफ़्रीकी संघ के शामिल होने के बाद G20 सभा का नाम बदलकर G21 किये जाने की उम्मीद है। हाल के वर्षों में रूस-यूक्रेन संघर्ष पर गहरे मतभेदों के कारण जी20 सदस्यों के बीच आम सहमति बनाना कठिन हो गया है। वैश्विक दक्षिण के इस प्रमुख गुट को विश्व की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं के विशिष्ट समूह में लाने के इस प्रस्ताव को खूब सराहा गया।

भारत और चीन के बीच 'ग्लोबल साउथ' का नेता बनने की होड़

55 देशों के अफ्रीकी देशों के संगठन अफ्रीकी संघ को जी-20 की सदस्यता दिलाने की कोशिश को भारत और चीन के बीच 'ग्लोबल साउथ' का नेता बनने की होड़ के तौर पर भी देखा जा रहा था। चीन की तरफ से दावा किया जा रहा है कि उसने ही अफ्रीकी संघ को जी-20 में शामिल करने की मांग सबसे पहले उठाई थी। हालांकि, रूस की तरफ से भी कुछ ऐसे ही दावे किए जा रहे थे, लेकिन भारत ने अफ्रीकी संघ को जी-20 के स्थायी सदस्यता दिलाई है।

Tags

Next Story