Army Truck Accident: नॉर्थ सिक्किम में सेना का ट्रक खाई में गिरा, 16 जवान शहीद, रक्षा मंत्री ने जताया शोक

Army Truck Accident: नॉर्थ सिक्किम (North Sikkim) से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शुक्रवार को सेना का एक ट्रक खाई में जा गिरा। इस हादसे में सेना के 16 जवान शहीद हो गए हैं। हादसे में चार जवान घायल भी हुए हैं। भारतीय सेना (Indian Army) ने इस हादसे को लेकर एक बयान जारी किया है। साथ ही, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस दुर्घटना के लिए शोक व्यक्त किया है।
भारतीय सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 23 दिसंबर 2022 को जेमा, उत्तरी सिक्किम में सेना के एक ट्रक का एक्सीडेंट हो गया। इसमें भारतीय सेना के 16 वीरों ने अपनी जान गंवाई है। सेना के बयान में कहा गया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक काफिले का हिस्सा था, जो चटन से सुबह थंगू की ओर बढ़ा था। जेमा की ओर जाते हुए रास्ते में वाहन एक तीव्र मोड़ पर स्लिप होकर नीचे खाई में गिर गया। इस हादसे के बाद एक बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और चार घायल सैनिकों को हवाई मार्ग से निकाला गया। घायल जवानों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
भारतीय सेना ने कहा कि दुर्भाग्य से तीन जूनियर कमीशंड अधिकारी और 13 सैनिक इस सड़क दुर्घटना में शहीद हो गए। इस दुख की घड़ी में भारतीय सेना शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। बता दें कि नॉर्थ सिक्किम का यह इलाका बेहद ही खतरनाक है और इन दिनों पूरा इलाका बर्फ से ढका रहता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ ने जताया दुख
इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि उत्तरी सिक्किम (North Sikkim) में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से गहरा दुख हुआ है। उन्होंने अपने ट्वीट में आगे लिखा कि राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी हैं। शहीद हुए जवानों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। हादसे में जो लोग घायल हुए हैं, उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS