Bharat Jodo Yatra का एक साल पूरा, राहुल गांधी बोले- 'यात्रा जारी रहेगी नफरत मिटने तक'

Bharat Jodo Yatra 1st Anniversary: कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई भारत जोड़ो यात्रा को आज एक साल पूरा हो गया है। ठीक एक साल पहले इसी दिन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने तमिलनाडु के कन्याकुमारी से जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर (Srinagar) तक अपनी 136 दिवसीय, 4,000 किलोमीटर से अधिक की यात्रा शुरू की थी। इस यात्रा के जरिये कांग्रेस ने देशभर में भाईचारे को बढ़ावा देने की बात कही थी। आज यात्रा के एक साल पूरे होने पर राहुल गांधी ने भी एक बयान दिया है।
राहुल गांधी बोले- यात्रा जारी रहेगी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के एक साल पूरे होने पर अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ट्वीट कर लिखा कि भारत जोड़ो यात्रा के एकता और मोहब्बत की ओर करोड़ों कदम, देश के बेहतर कल की बुनियाद बने हैं। उन्होंने आगे लिखा कि यात्रा जारी है, जब तक भारत एकजुट नहीं हो जाता है। ये मेरा वादा है। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 12 सार्वजनिक बैठकें की, 100 से अधिक नुक्कड़ सभाएं और 13 प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया था।
भारत जोड़ो यात्रा के एकता और मोहब्बत की ओर करोड़ों कदम, देश के बेहतर कल की बुनियाद बने हैं।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 7, 2023
यात्रा जारी है - नफ़रत मिटने तक, भारत जुड़ने तक।
ये वादा है मेरा! pic.twitter.com/8LqTx7ZupV
कांग्रेस पार्टी ने देश भर में 722 जगहों पर पैदल मार्च निकालने की योजना बनाई है, जिसमें कांग्रेस कार्य समिति के सदस्यों, राज्य कांग्रेस अध्यक्षों और कांग्रेस विधायक दल के नेताओं को पदयात्रा में भाग लेने का निर्देश दिया गया है। हालांकि, जल्द ही कांग्रेस पार्टी दोबारा से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत करेगी। इस बार यह यात्रा पश्चिम से पूर्व की ओर होगी।
राहुल गांधी देश में मौजूद नहीं
राहुल भारत जोड़ो यात्रा की सालगिरह मनाने के लिए देश में मौजूद नहीं हैं। कांग्रेस नेता इस समय बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स में हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह आज यूरोपीय संसद के सदस्यों के साथ बातचीत में हिस्सा लेंगे। यह उनके पांच दिवसीय यूरोप दौरे के दौरान राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की पहली बातचीत होगी। इसके साथ ही, वह प्रवासी भारतीयों के साथ रात्रिभोज करेंगे। गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने भारत जोड़ो यात्रा का एक साल पूरा होने के अवसर पर बधाई दी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS