कर्नाटक चुनाव: सोनिया गांधी की बढ़ी मुश्किलें, भाजपा ने EC से की शिकायत

कर्नाटक चुनाव: सोनिया गांधी की बढ़ी मुश्किलें, भाजपा ने EC से की शिकायत
X
Karnataka Assembly Election 2023: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) पर कर्नाटक को लेकर संप्रभुता शब्द का इस्तेमाल करने को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की है। इस शिकायत में कहा गया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस देश को बांटने का काम कर रही है।

Karnataka Assembly Election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 से पहले कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोनिया गांधी पर कर्नाटक के लिए संप्रभुता शब्द का इस्तेमाल करने को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की है। सोनिया गांधी के इस बयान को लेकर बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में सोमवार के दिन चुनाव आयोग के पास शिकायत दर्ज करवाने पहुंचा। इस शिकायत में कहा गया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस देश को बांटने का काम कर रही है।

सोनिया गांधी ने क्या बयान दिया था

दरअसल, कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से लिखा गया था कि सोनिया गांधी जी ने 6.5 करोड़ कन्नड़ियों को एक कड़ा संदेश भेजा। इसमें उन्होंने कहा कि "कांग्रेस किसी को भी कर्नाटक की प्रतिष्ठा, संप्रभुता या अखंडता के लिए खतरा पैदा करने की अनुमति नहीं देगी।" कहा गया कि यह बयान उन्होंने शनिवार के दिन हुबली में एक जनसभा को संबोधित दिया था। शिकायत में कहा गया है कि भाजपा ने चुनाव आयोग से सोनिया गांधी के खिलाफ इस तरह के बयान देने के लिए प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है। चुनाव आयोग के पास दायर की गई शिकायत में कहा गया है, "संप्रभुता की परिभाषा एक स्वतंत्र राष्ट्र है। भारत एक संप्रभु देश है और कर्नाटक इसका गौरवपूर्ण हिस्सा है।"

भाजपा ने मांग की कि सोनिया गांधी के ट्वीट के मद्देनजर भारत के चुनाव आयोग के साथ कांग्रेस पार्टी का पंजीकरण तुरंत रद्द किया जाना चाहिए, जो राज्य की संप्रभुता के लिए खतरा की बात करती है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने एक ज्ञापन सौंपकर मांग की कि यह आदर्श आचार संहिता का गंभीर उल्लंघन है। मामले में कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

सोनिया गांधी देश को खतरे में डालना चाहती हैं: शोभा करंदलाजे

शिकायत दर्ज करने वाली प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा, आज मैंने चुनाव आयोग के कार्यालय में जाकर सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज़ कराई है। सोनिया गांधी जी ने हुबली में एक भाषण में भारत की अखंडता, एकता पर प्रश्न किया और कर्नाटक की संप्रभुता रखने की बात की। हम देश की संप्रभुता की बात करते हैं कि देश एक रहना चाहिए। वो (सोनिया गांधी) देश को खतरे में डालना चाहती हैं और टुकड़े-टुकड़े गैंग का नेतृत्व कर रही हैं...उनपर FIR दर्ज़ कर कार्रवाई की मैंने मांग की है।

सोनिया गांधी संप्रभुता शब्द का जानबूझकर प्रयोग किया: भूपेंद्र यादव

दिल्ली में बीजेपी के प्रतिनिधिमंडल के चुनाव आयोग से मिलने पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि सोनिया गांधी संप्रभुता शब्द का जानबूझकर प्रयोग किया है। इनका (कांग्रेस) घोषणापत्र टुकड़े-टुकड़े गैंग का एजेंडा है और भारत को कमजोर करने का एजेंडा भी है और इसलिए वे इस प्रकार के शब्द और मानसिकता का प्रयोग कर रहे हैं। कांग्रेस एक झूठ की बुनियाद पर प्रचार कर रही है।

Tags

Next Story