मौनी अमावस्या पर स्नान कर नेपाल से भारत आ रहे श्रद्धालुओं की बस पलटी, 10 बच्चों समेत 45 लोग घायल

Bus Accident In Nepal: नेपाल के त्रिवेणी धाम से मौनी अमावस्या के अवसर पर स्नान कर वापस भारत लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा शनिवार सुबह नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र महेशपुर में हुआ है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 10 बच्चों समेत 45 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पृथ्वी चंद जिला अस्पताल नवलपरासी में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, इस बस में गोरखपुर, भौराबारी और महराजगंज जिले के लक्ष्मीपुर के श्रद्धालु थे। ये सभी श्रद्धालु मौनी अमावस्या के अवसर पर दो दिन पहले ही नौतनवा से एक बस बुक कर नेपाल राष्ट्र के त्रिवेणी धाम में स्नान करने गए थे। ये सभी शनिवार की सुबह करीब 11 बजे स्नान के बाद भारत के लिए रवाना हुए थे। बस में करीब 70 लोग सवार थे।
बस महेशपुर पहुंची ही थी कि अनियंत्रित होने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसके बाद बस करीब 15 फीट नीचे गिर गई। इस हादसे में बस में सवार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, बच्चों और घायलों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। हादसे के बाद तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। इस हादसे में 10 बच्चों समेत 45 लोग घायल हुए हैं।
इस मामले में पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि दो दिन पहले गुरुवार को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, भौराबारी और महराजगंज जिले के लक्ष्मीपुर के करीब 70 लोग बस में सवार होकर मौनी अमावस्या पर्व के लिए नेपाल गए थे। इसके बाद नेपाल के त्रिवेणी धाम से स्नान कर शनिवार को सुबह भारत वापस आते समय उनकी बस अनियंत्रित हो गई। इस मामले में अधिक जानकारी देते हुए जिला प्रहरी कार्यालय के एसआई जेके आचार्य ने बताया कि नेपाल सशस्त्र प्रहरी और नेपाल पुलिस की संयुक्त टीम बचाव कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 45 लोगों को अस्पताल भेज दिया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS