नौकरशाही में फेरबदल: 23 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को मिली सचिव पद की जिम्मेदारी, प्रीति सूदन को कार्य विस्तार

नयी दिल्ली. केन्द्र सरकार ने शीर्ष स्तर की नौकरशाही में रविवार को फेरबदल करते हुए स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदन को 30 अप्रैल के बाद तीन महीने का कार्य विस्तार दिया है। वह महीने के अंत में सेवानिवृत्त होने वाली थीं। कोविड-19 संकट के दौर में केन्द्र सरकार का यह कदम काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि वायरस संक्रमण से निजात पाने में स्वास्थ्य मंत्रालय अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने सूदन की सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें तीन महीने का कार्य विस्तार देने का निर्णय लिया है। आदेश के अनुसार, अब वह 31 जुलाई तक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव बनी रहेंगी।
23 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को मिली सचिव पद की जिम्मेदारी
नौकरशाही में हुई इस फेरबदल में 23 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को केन्द्र सरकार के विभिन्न विभागों में सचिव पद पर नियुक्ति दी गई है। सचिव स्तर के फेरबदल में ग्रामीण विकास सचिव राजेश भूषण को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सचिव स्तर पर विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) नियुक्त किया गया है। संभावना है कि जुलाई में सूदन की कार्य विस्तार अवधि समाप्त होने के बाद भूषण मंत्रालय के नए सचिव होंगे।
ग्रामीण विकास मंत्रालय के नए सचिव के रूप में नागेन्द्र नाथ सिन्हा को नियुक्ति किया गया है। सिन्हा फिलहाल गृह मंत्रालय के सीमा प्रबंधन विभाग में सचिव हैं। आदेश के अनुसार, सूचना एवं प्रसारण सचिव रवि मित्तल को खेल मंत्रालय में सचिव पद पर भेजा गया है।
उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अमित खरे को सूचना एवं प्रसारण सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। खरे पहले भी सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में रह चुके हैं। उपभोक्ता मामलों के सचिव पवन अग्रवाल को वाणिज्य मंत्रालय में विशेष सचिव(लॉजिस्टिक) नियुक्त किया गया है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में विशेष सचिव लीना नंदन को अग्रवाल के स्थान पर उपभोक्ता मामलों का सचिव बनाया गया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सचिव रवि कांत को पूर्व-सैनिक कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुधांशु पांडेय को रवि कांत के स्थान पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सचिव बनाया गया है। पांडेय फिलहाल वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त सचिव तरुण बजाज को आर्थिक मामलों के मंत्रालय में सचिव पद पर भेजा गया है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में सचिव संजीव रंजन को जहाजरानी सचिव नियुक्त किया गया है। विभाग के तत्कालीन सचिव गोपाल कृष्ण 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
कैबिनेट सचिवालय में अतिरिक्त सचिव अरमाने गिरिधर को संजीव रंजन के स्थान पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में सचिव बनाया गया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत प्रदीप कुमार त्रिपाठी को इस्पात मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। वह जम्मू-कश्मीर कैडर के 1987 बैच के अधिकारी हैं।
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के उपाध्यक्ष तरुण कपूर को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। मंत्रालय के सचिव एम. एम. कुट्टी इस महीने के अंत में सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
वहीं सीबीएसई की प्रमुख अनिता कारवाल को शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का सचिव नियुक्त किया गया। वह 1988 बैच की गुजरात कैडर की आईएएस अधिकारी हैं।
सरकार ने एअर इंडिया प्रमुख राजीव बंसल को सचिव संवर्ग में पदोन्नत किया
एअर इंडिया के प्रमुख राजीव बंसल को पदोन्नत करके सचिव स्तर का अधिकारी बना दिया गया है। कार्मिक मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी आदेश के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने विशेष सचिव स्तर के 10 अधिकारियों को पदोन्नत कर सचिव स्तर का अधिकारी बना दिया है। इसके लिए सरकार ने इन सभी अधिकारियों के पदों के संवर्ग का अस्थाई तौर पर उन्नयन कर दिया है।
आदेश के अनुसार, नगालैंड कैडर के 1988 बैच के आईएएस अधिकारी बंसल को भारत सरकार के सचिव स्तर का संवर्ग और वेतन दिया गया है। उन्हें इसी साल फरवरी में अतिरिक्त सचिव स्तर पर एअर इंडिया का चेयरमैन व प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया था।
उनके अलावा भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के प्रमुख अरविंद सिंह को भी पदोन्नत कर सचिव बनाया गया है। प्रवीण कुमार श्रीवास्तव को गृह मंत्रालय में विशेष सचिव बनाया गया है। वह मंत्रालय में ही अतिरिक्त सचिव के पद पर हैं।
अपूर्व चन्द्रा को रक्षा मंत्रालय में विशेष सचिव एवं महानिदेशक (अधिग्रहण) बनाया गया है। वह फिलहाल अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक (अधिग्रहण) हैं। फिलहाल सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार के रूप में कार्यरत वरिष्ठ नौकरशाह अली रजा रिजवी को उन्हीं के विभाग में पदोन्नत कर विशेष सचिव एवं वित्तीय सलाहकार बनाया गया है।
गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी बिद्युत बिहारी स्वैन को पदोन्नत कर वाणिज्य विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वह इसी विभाग में अतिरिक्त सचिव पद पर हैं। सरकार ने पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव इंदेवर पांडेय को पदोन्नत कर विभाग में विशेष सचिव बना दिया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS