अभिषेक मनु सिंघवी बोले- ॐ के उच्चारण से शक्तिशाली नहीं होगा योग, बाबा रामदेव ने दी ये प्रतिक्रिया

International Yoga Day 2021: पूरे विश्व में आज (21 जून) 7वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। कोरोना महामारी के बीच भारत में भी अलग-अलग जगहों पर कोविड-19 के नियमों को पालन करते हुए योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट किया है।
उनके इस ट्वीट पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता का कहना है है ओम के उच्चारण से योग शक्तिशाली नहीं होगी। अभिषेक मनु सिंघवी ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा कि ॐ के उच्चारण से ना तो योग ज्यादा शक्तिशाली हो जाएगा और ना अल्लाह कहने से योग की शक्ति कम होगी।
अब योग गुरु बाबा रामदेव ने कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि सबको सन्मति दे भगवान। बाबा रामदेव ने एक न्यूज चैनल के पत्रकार से बातचीत के दौरान कहा कि ईश्वर-अल्लाह तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान। रामदेव ने कहा कि अल्लाह, भगवान, खुदा सब एक ही है, ऐसे में ॐ बोलने में दिक्कत क्या है। लेकिन, हम किसी को भी खुदा बोलने से मना नहीं कर रहे हैं। इन सभी को भी योग करना चाहिए, फिर इन सभी को एक ही परमात्मा दिखेगा।
योग हमारी दिनचर्या का हिस्सा बनेगा। योग से सुरक्षा कवच तैयार हो जाता है। एक तरफ वैक्सीनेशन की दो डोज़ और दूसरी तरफ योग आयुर्वेद की डबल डोज़। जब चारो तरफ से आप अपने आपको मजबूत बना लेंगे तो इस सुरक्षा कवच को कोई बेध नहीं पाएगा। आगे कहा कि योग कोई मजहबी प्रक्रिया नहीं है। यह हमारे पूर्वजों की एक साझी विरासत है। योग, आयुर्वेद और अपनी सनातन ज्ञान परंपरा को हम गौरव से आत्मसात करें। योग पर कोई विवाद नहीं है। निष्पक्ष होकर योग के महत्व को मानें। आज पूरी दुनिया योग कर रही है।
बता दें कि आज पूरा विश्व 7वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। भारत और तिब्बत की सीमा पर तैनात आईटीबीपी के जवानों ने भी हर साल की तरह इस साल भी बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लिया है। जवानों ने लगभग 18 हजार फीट की ऊंचाई पर योग किया।
इसके अलावा पीएम समेत देश के नेताओं और आम लोगों ने भी योग दिवस के मौके पर योग किया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रपति भवन में योग किया है। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने अपनी पत्नी उषा नायडू के साथ उपराष्ट्रपति निवास पर योगाभ्यास किया। इनके अलावा देश के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने योग किया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS