पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन शुरू, यूपी अध्यक्ष किए गए नजरबंद, जानिये तमाम अपडेट्स

पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन शुरू, यूपी अध्यक्ष किए गए नजरबंद, जानिये तमाम अपडेट्स
X
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि इस प्रदर्शन में कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कोरोना महामारी में भी केंद्र सरकार जनता से सहानुभूति जताने की बजाय उन्हें लूटने में लगी है।

देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ आज कांग्रेस देशभर में प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता देशभर के पेट्रोल पंपों पर के सामने इकट्ठा होकर केंद्र सरकार पर निशाना साधेंगे। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि कोरोना महामारी में किए जा रहे इस सांकेतिक प्रदर्शन को लेकर भाजपा कोई विवाद पैदा न करे, इसके लिए पहले से कार्यकर्ताओं को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए निर्देशित किया जा चुका है। कांग्रेस के प्रदर्शन से जुड़ी तमाम अपडेट्स जानने के लिए जुड़े रहिये...

यूपी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नजरबंद

उत्तर प्रदेश में प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही यूपी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को नजरबंद कर लिया गया। इस पर यूपी कांग्रेस ने ट्वीट कर तीखी प्रतिक्रिया दी। ट्वीट में लिखा, 'पेट्रोल और डीजल की महंगाई को लेकर देशव्यापी प्रदर्शन में जा रहे प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू को तानाशाही सरकार ने प्रर्दशन से पहले ही नजरबंद कर दिया है। योगी जी पुलिस के दम पर सरकार चलाना बंद करो। चाहे जितनी पुलिस लगा लो जनता के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे।'

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि प्रदर्शन में कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करने के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं को पहले ही निर्देशित किया जा चुका है। यह प्रदर्शन सांकेतिक होगा ताकि केंद्र सरकार तक आम जनता की आवाज पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दामों में रोजाना हो रही बढ़ोतरी से जनता परेशान है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों को पिछले 5 महीने में 44 बार बढ़ाया गया है। देश के लोगों के साथ लूट का यह जीता-जागता उदाहरण है। कोरोना महामारी में लोगों की दिक्कतों के साथ सहानुभूति जताने की बजाए सरकार उनकी मुश्किल को बढ़ा रही है। इन्हीं मुद्दों को लेकर पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे।

कांग्रेस ने अपने सांकेतिक प्रदर्शन में जनता से सहयोग मांगा है। पार्टी की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया, 'भाजपा सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतों को बढ़ाकर अपने 'जन लूट' कार्यक्रम को आगे बढ़ा रही है। अपने साथ हो रही लूट के खिलाफ कल सुबह 10 बजे कांग्रेस के साथ मिलकर अपनी आवाज बुलंद कीजिये। भाजपा पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को वापस ले।'

Tags

Next Story