भारत में कोरोना वायरस के हुए 50 लाख टेस्ट, ऐसा करने वाला विश्व का चौथा देश

भारत मे कोरोना का संकट गहराता जा रहा है। रोजाना तकरीबन 10 हजार मामले सामने आने लगे हैं। बुधवार तक देश भर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 2,76,583 तक पहुंच गया। वहीं मरने वालों की तादात भी 7745 हो चुकी है।जबकि कोरोना की जांच की बात करें तो अब तक देश में 50 लाख से ज्यादा लोगों के नमूनों की जांच हो चुकी है। जो कि दुनिया में अब तक का चौथा सबसे बड़ा आंकड़ा है।
इंडियन कौंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के मुताबिक देश भर में अब तक 50,61,332 लोगों के नमूनों की कोरोना जांच हो चुकी है। बतादें कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए भारत ने कोविड-19 की जांच तेज कर दी है।
मंगलवार को 1,45,216 नमूनों की जांच की गई और कुल आंकड़ा 50 लाख के पार पहुंच गया। ऐसा करने वाला वह चौथा देश बन गया। अब जांच के मामले में भारत से आगे सिर्फ अमेरिका,रूस और ब्रिटेन ही हैं।
जारी आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका ने 2.18करोड़,रूस ने 1.13करोड़ और ब्रिटेन ने अब तक 59 लाख लोगों के कोरोना टेस्ट किए हैं। अनुमान है कि एक सप्ताह में भारत ब्रिटेन से भी आगे निकल सकता है। हालांकि वर्ल्डवोमीटर्स के मुताबिक मंगलवार रात तक भारत टेस्ट रेटिंग की सूची में 138 वें स्थान पर था।
उसके ठीक ऊपर श्रीलंका और नीचे जिम्बाब्वे था,जबकि पाकिस्तान 140वें स्थान पर था। प्रति लाख आबादी के हिसाब से भारत में 356 टेस्ट किए गए हैं। जबकि श्रीलंका में 359, जिम्बाब्वे में 355 और पाकिस्तान में 331 टेस्ट किए गए। वहीं बांग्लादेश 258 टेस्ट के साथ 150 वें स्थान पर है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS