Cyclone Tauktae Live : मुंबई में चक्रवाती तूफान तौकते के चलते भारी बारिश के साथ अलर्ट, कर्नाटक में आठ लोगों की मौत

Cyclone Tauktae Live : मुंबई में चक्रवाती तूफान तौकते के चलते भारी बारिश के साथ अलर्ट, कर्नाटक में आठ लोगों की मौत
X
मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि चक्रवाती तूफान मुंबई में तबाई मचाने को तैयार है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार तेज हो चली है।

कोरोना वायरस महामारी (Coronavirus Pandemic) के बीच दक्षिणी भारत के समुद्री इलाकों पर चक्रवाती तूफान तौकते (Cyclone Tauktae) को लेकर कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। गोवा में तबाही मचाने के बाद यह तूफान अब महाराष्ट्र, कर्नाटक में तबाही मचा रहा है। इसके बाद यह गुजरात के तरफ चला जाएगा। मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए कहा कि आज शाम तक यह चक्रवाती तूफान गुजरात के तट से टकराएगा और 18 मई की सुबह पोरबंदर और भावनगर जिले से होकर गुजरेगा।

मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि चक्रवाती तूफान मुंबई में तबाई मचाने को तैयार है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार तेज हो चली है। वहीं मुंबई में दोपहर साढे 3 बजे हाई टाइड की चेतावनी जारी कर दी गई है। अलग-अलग इलाकों में बारिश हो रही है।

वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र के तटीय इलाकों से अब तक 12 हजार से ज्यादा लोगों को दूसरी जगह पर भेज दिया गया है। वहीं तूफान के चलते मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मौसम विभाग की तरफ से मुंबई, ठाणे और पालघर जैसे जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। तो दूसरी तरफ रायगढ़ जिले में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

इस तूफान के चलते उत्तर भारत के कई राज्य भी प्रभावित हो सकते हैं। दिल्ली में भी बादल छाए हुए हैं, तो वहीं राजस्थान के कोटा में मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। इसके अलावा हरियाणा में भी कई इलाकों में धूप गायब है। मौसम विभाग ने कहा कि पूर्व मध्य अरब सागर के ऊपर बना अत्यधिक भीषण चक्रवाती तूफान 'तौकते' पिछले छह घंटों के दौरान लगभग 20 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। अब यह विकराल चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है।

जानकारी के लिए बता दें कि कर्नाटक में इस चक्रवाती तूफान के चलते 8 लोगों की मौत हो चुकी है। केरल, गोवा और कर्नाटक के तटीय इलाकों में रविवार को तबाही मचाने के बाद अब यह तूफान गुजरात की और बढ़ गया है। आज सोमवार को यह मुंबई के तटीय इलाकों पर अपना कहर बरसा रहा है। कर्नाटक में इस तूफान की चपेट में आने से 8 लोगों की मौत हो गई। तो वहीं कई घरों को भारी नुकसान हुआ है। तेज हवा के चलने से बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ गए हैं।

Tags

Next Story