Afghanistan Earthquake: अफगानिस्तान में भूकंप से अब तक 2000 से ज्यादा की मौत, कई मकान जमींदोज

Earthquakes In Afghanistan: अफगानिस्तान में भूकंप के ताबड़तोड़ आठ झटकों के बाद चारों तरफ तबाही का मंजर देखने को मिला है। पश्चिमी अफगानिस्तान में शक्तिशाली भूकंप से मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। अफगानिस्तान के हेरात शहर में 6.3 तीव्रता के कई भूकंप के झटकों में मृतकों की संख्या बढ़कर 2,000 से ज्यादा हो गई है। साथ ही, सैंकड़ों लोग घायल हैं। राहत एवं बचाव कर्मी जिंदा बचे लोगों के लिए तलाशी अभियान चला रहे हैं।
भूकंप में कई मकान जमींदोज
शनिवार को 6.3 तीव्रता के एक के बाद एक आठ झटके महसूस किए गए। इसमें हेरात प्रांत में कम से कम 12 गांवों में 600 से ज्यादा घर पूरी तरह से तबाह हो गए। इस भूकंप की वजह से लगभग 4,200 लोगों के जनजीवन प्रभावित हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पहले ही झटके में सभी घर ढह गए और जो लोग घरों के अंदर थे दब गए। देखते ही देखते सभी कुछ रेत में तब्दील हो गया। पहला भूकंप का झटका करीब 11 बजे महसूस किया गया था।
तालिबान ने मांगी मदद
तालिबान ने स्थानीय संगठनों से मदद मांगी है। उन्होंने आग्रह किया कि वे जल्द से जल्द भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचें ताकि घायलों को अस्पताल ले जाया जा सके, बेघरों को आश्रय दिया जा सके और जिंदा बचे लोगों को खाना पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों को मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए अपने सभी संसाधनों और सुविधाओं का उपयोग करना चाहिए। तालिबान द्वारा नियुक्त आर्थिक मामलों के उप प्रधानमंत्री अब्दुल गनी बरादर ने हेरात और बदगीस में मृतकों और घायलों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
जून 2022 में भी पूर्वी अफगानिस्तान के एक ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी क्षेत्र में शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इसमें पत्थर और मिट्टी-ईंटों के घर पूरी तरह से जमींदोज हो गए थे। यह भूकंप अफगानिस्तान में दो दशकों में सबसे घातक था, जिसमें कम से कम 1,000 लोगों की जान चली गई और लगभग 1,500 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे और कई लोगों को विस्थापित होना पड़ा था।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS