Cyclone Fani : सहम गए लोग, बच्चों में मची चीख-पुकार, ऐसा दिखा फानी का कहर

Cyclone Fani : सहम गए लोग, बच्चों में मची चीख-पुकार, ऐसा दिखा फानी का कहर
X
फानी तूफान के कारण शाम को अचानक आए आंधी तूफान ने कुछ ही मिनटों में जमकर तबाही मचाई। यह मंजर देख अच्छे-अच्छे लोग सहम गए। वहीं घर से बाहर मौजूद बच्चे रोने चीखने लगे। तूफान के कहर का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुछ ही मिनटों में बड़े-बड़े होर्डिंग्स ताश के पत्तों की तरह उड़ने लगे। कई पेड़ उखड़ गए। वहीं माल व कई बिल्डंग्स के शीशे हवा की मार झेल नहीं पाए और टूटकर गिर गए। हवा की रफ्तार इतनी थी कि दोपहिया तो दूर, चारपहिया वाहनों को भी सड़क पर चलाना मुश्किल हो गया। ऐसे में लोगों को अपने वाहनों को सड़कों पर ही खड़ा कर सुरक्षित ठिकानों में शरण लेनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि तूफान के कारण यहां कोई जनहानि की खबर नहीं है।

फानी तूफान के कारण शाम को अचानक आए आंधी तूफान ने कुछ ही मिनटों में जमकर तबाही मचाई। यह मंजर देख अच्छे-अच्छे लोग सहम गए। वहीं घर से बाहर मौजूद बच्चे रोने चीखने लगे। तूफान के कहर का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुछ ही मिनटों में बड़े-बड़े होर्डिंग्स ताश के पत्तों की तरह उड़ने लगे। कई पेड़ उखड़ गए। वहीं माल व कई बिल्डंग्स के शीशे हवा की मार झेल नहीं पाए और टूटकर गिर गए। हवा की रफ्तार इतनी थी कि दोपहिया तो दूर, चारपहिया वाहनों को भी सड़क पर चलाना मुश्किल हो गया। ऐसे में लोगों को अपने वाहनों को सड़कों पर ही खड़ा कर सुरक्षित ठिकानों में शरण लेनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि तूफान के कारण यहां कोई जनहानि की खबर नहीं है।

पिछले करीब एक सप्ताह से मौसम विभाग के साथ ही आम लोगों की नजर फानी तूफान पर लगी हुई थी। सुबह से ही टेलीविजन में तूफान को लेकर खबरें आ रही थीं और आंध्रप्रदेश व ओडिशा में तूफान के कारण चल रही तेज हवा के असर को लोग देख रहे थे।

दूसरी ओर सुबह से यहां धूप निकली हुई थी और मौसम भी आम दिनों की तरह ही सामान्य था, जिसके कारण लोग लगभग निश्चिंत थे, लेकिन शाम 5 बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट बदली और तेज हवा चलने लगी। इस हवा ने 15 से 20 मिनट में ही शहर की पूरी तस्वीर बदलकर रख दी।

चंद मिनटों के बाद जब तूफान थमा, तो सभी तरफ तबाही का मंजर साफ दिखाई दिया। तूफान के कारण बड़े होर्डिंग्स व फ्लैक्स उखड़ गए। वहीं कई पेड़ भी उखड़ गए। बिजली के तार टूटने से कई इलाकों में अंधेरा छा गया। हवा की रफ्तार इतनी अधिक थी कि इस दौरान लोग जहां थे, वे वहीं ठहर गए।

यहां तक कि सड़कों पर दोपहिया व चारपहिया वाहन लेकर चल रहे लोगों को भी सुरक्षित ठिकाना तलाशना पड़ा। इस दौरान शहर के कई हिस्सों में बारिश भी हुई। तूफान थमने के बाद भी बहुत समय तक शहर में अफरा तफरी का माहौल बना रहा। सड़कों पर होर्डिंग्स, पेड़ गिर जाने के कारण आवागमन भी बाधित हुआ। वहीं देर रात तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो पाई थी।

मैग्नेटो माल का शीशा टूटा

शहर में आए तूफान की मार को कई माल व बड़े बिल्डिंग के शीशे नहीं झेल पाए और वे टूटकर गिरने लगे। शहर के सबसे बड़े माल मैग्नेटो में मौजूद सैकड़ों लोगों ने इस तबाही के मंजर को नजदीक से महसूस किया। तूफान के साथ माल के शीशे एक के बाद एक टूटकर गिरने लगे और उसकी तेज आवाज सुनकर वहां अफरातफरी मच गई।

हालात यह थे कि लोगों ने भय के कारण चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया। बच्चे तो डर के कारण आंख बंद कर बड़ों से चिपक गए। कांच टूटने के बाद भीतर आ रही तेज हवा से बचने भी लोग इधर उधर भागने लगे। इससे कुछ समय के लिए वहां भगदड़ के हालात बन गए थे। तूफान थमने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

सैकड़ों पेड़ व होर्डिंग्स उखड़े

आंधी तूफान के कारण शहर में कई होर्डिंग्स उखड़ गए, वहीं कई होर्डिंग्स फट गए। कुछ समय के लिए यह फ्लैक्स हवा में ही इधर उधर उड़ते रहे। विधानसभा रोड पर सड़कों के ऊपर लगाए गए कई सूचना बोर्ड भी धराशायी होकर सड़कों पर गिर गए।

वहीं शंकर नगर सहित कई इलाकों में पेड़ गिरने की खबरें भी हैं। कई जगह बिजली तार पर पेड़ गिर जाने के कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। शहर के देवेंद्र नगर, पंडरी सहित कई इलाकों में जमकर बारिश भी हुई। यह पानी सड़कों पर बहने लगा था, जिसके कारण लोगों को बहुत समय तक घुटने भर पानी से होकर वहां से गुजरना पड़ा।

शनिवार तक रहेगा असर

मौसम विभाग की मानें तो तूफान का असर शनिवार शाम तक रहेगा। इस दौरान राजधानी समेत पूर्वी जिले महासमुंद, गरियाबंद, बलौदाबाजार, रायगढ़, जांजगीर में आसमान मेघमय रह सकता है और गरज के साथ हल्की व मध्यम बारिश हो सकती है। आज के बाद तूफान का असर खत्म हो जाएगा और तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी होगी।

खुशनुमा हुआ मौसम

राजधानी रायपुर में शाम अचानक तेज हवाएं चलने लगी। कई हिस्सों में बारिश होने व ठंडी हवा के कारण तापमान एकदम से गिर गया और मौसम भी खुशनुमा हो गया। इससे दिनभर गर्मी से परेशान लोगों को काफी हद तक राहत मिली।

अब बढ़ेगा तापमान

फानी तूफान के असर के चलते प्रदेशभर के तापमान में गिरावट आई है। तूफान का असर शनिवार तक रहेगा। इसके बाद पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी होगी। (पीएल देवांगन, मौसम विज्ञानी)

शहरों का तापमान

शहर - अधिकतम - न्यूनतम

रायपुर - 39.7 - 27.5

बिलासपुर - 40.2 - 27.6

पेंड्रारोड - 36.5 - 25.2

अंबिकापुर - 35.7 - 27

जगदलपुर - 38.1 - 26

दुर्ग - 40.8 - 26.6

राजनांदगांव - 41.1 - 27.5

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

Tags

Next Story