Gujarat Assembly Election 2022: AAP के CM उम्मीदवार इसुदान गढ़वी इस विधानसभा सीट से लड़ेंगे चुनाव, जानें वजह

गुजरात चुनाव (Gujarat Assembly Election) में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) पूरी ताकत के साथ अपनी जीत के लिए जुटी हुई है। इसी बीच आम आदमी पार्टी ने इसुदान गढ़वी को गुजरात में अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार तो पहले ही बनाया दिया था, लेकिन अब विधानसभा सीट का भी ऐलान कर दिया है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने खुद ट्वीट कर इसकी सूचना साझा की है।
आप पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी को जाम खंभालिया विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी एक ट्वीट कर कहा कि गुजरात को एक अच्छा मुख्यमंत्री मिलेगा। गुजरात में विधानसभा के लिए दो चरणों में चुनाव हो रहे हैं। पहला चरण 1 दिसंबर को होगा जबकि दूसरा 5 दिसंबर को है। हिमाचल के साथ ही गुजरात चुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को जारी होंगे।
अरविंद केजरीवाल ने किया ट्वीट
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा कि 'सालों से किसानों, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं, कारोबारियों के लिए आवाज उठाने वाले इसुदान गढ़वी जाम खंभालिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। भगवान कृष्ण की पावन भूमि से गुजरात को नया और अच्छा मुख्यमंत्री मिलेगा।
किसान , बेरोज़गार युवाओं ,महिलाओं ,व्यापारी के लिए सालों तक आवाज़ उठाने वाले इसुदान गढ़वी जाम खम्भालिया से चुनाव लड़ेंगे ! भगवान कृष्ण की पावन भूमि से गुजरात को एक नया और अच्छा मुख्यमंत्री मिलेगा
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) November 13, 2022
कांग्रेस का गढ़ है खंभालिया विधानसभा सीट
जानकारी के लिए बता दें कि जाम खंभालिया विधानसभा सीट पर चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। एक तरफ बीजेपी, दूसरी तरफ कांग्रेस उम्मीदवार यहां से चुनावी मैदान में हैं, तो वहीं आम आदमी पार्टी ने खुद सीएम उम्मीदवार इसुदान को यहां से उतारा है। खंभालिया विधानसभा सीट गुजरात की महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों में से एक है। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की थी। ये सीट कांग्रेस का गढ़ मानी जाती है।
कौन हैं इसुदान गढ़वी
इसुदान गढ़वी का जन्म 10 जनवरी 1982 को जामनगर जिले के पिपलिया गांव में एक साधारण परिवार में हुआ था। उनके पिता खराजभाई एक किसान हैं और पूरा परिवार भी खेती से जुड़ा है। गढ़वी अन्य पिछड़ी जातियों से संबंध रखते हैं, जो राज्य की आबादी का 48 फीसदी है। इसुदान गढ़वी एक पूर्व पत्रकार भी हैं। गुजरात के लोकप्रिय टीवी एंकर रह चुके हैं। उन्होंने जून 2021 में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली। इसुदान गढ़वी वर्तमान में आप के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS