Gujarat Election 2022: भूपेंद्र पटेल ने तोड़े रिकॉर्ड, इन सीटों पर BJP की बड़ी जीत

Gujarat Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव (Gujarat Election) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 156 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर कई रिकॉर्ड तोड़े हैं। घाटलोडिया और चोरयासी दो सीट पर दो लाख के करीब जीत का बड़ा अंतर रहा। घाटलोडिया सीट से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल (Bhupendra Patel) चुनाव मैदान में उतरे थे। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अमी याज्ञिक को 1.92 लाख से अधिक वोटों से मात दी है। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी को सिर्फ 21,120 वोट ही मिले। वहीं, आठ सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों का एक लाख से अधिक जीत का अंतर रहा।
पाटीदार समुदाय ने किया भाजपा का समर्थन
गुजरात में 2017 के विधानसभा चुनाव में पाटीदार समुदाय के एक वर्ग ने बीजेपी के खिलाफ मतदान कर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। लेकिन, इस बार के चुनाव में पाटीदार समुदाय ने बीजेपी के पक्ष में जमकर मतदान किया। 2017 के चुनावों में पाटीदार बहुल सीटों में मोरबी, टंकारा, धोराजी और अमरेली पर कांग्रेस (Congress) ने जीत दर्ज की थी। जबकि, इस बार ये सभी सीटें भारतीय जनता पार्टी के खाते में गई हैं। आम आदमी पार्टी भी सूरत में पाटीदार बहुल सीटों में कुछ सीटें हासिल करने के लिए इसी समुदाय पर निर्भर थी, लेकिन आम आदमी पार्टी का ये दांव फेल हुआ और समुदाय ने भाजपा का समर्थन किया।
हार्दिक पटेल की बड़ी जीत
पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल (Hardik patel) को भाजपा ने कांग्रेस से अपने पाले में किया और उन्हें वीरमगाम विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा। जहां उन्हें लोगों का खुब प्यार मिला और भारी मतों से विजय दिलाई।
इस बार के चुनाव में 2017 की तुलना में 'नोटा' के तहत पड़े वोट करीब नौ फीसदी कम हुए हैं। इस बार खेडब्रह्मा सीट पर सबसे अधिक 7,331 नोटा वोट पड़े हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक 2017 विधानसभा चुनावों में 5,51,594 वोट नोटा पर पड़े थे। जबकि, इस बार 5,01,202 वोट नोटा पर पड़े हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS