हरिभूमि बुलेटिन: मोदी कैबिनेट ने लक्ष्मी विलास बैंक के डीबीआईएल में विलय की दी मंजूरी, यहां पढ़ें आज की बड़ी खबरें

Haribhoomi Bulletins: हरिभूमि (Haribhoomi.Com) पर आप देश-दुनिया और अपने राज्यों की खबरें पढ़कर अपडेट रह सकते हैं। भारत में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं तो वहीं आज बुधवार तड़के सुबह कांग्रेस नेता अहमद पटेल का निधन हो गया। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और आबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया गया है। इसके अलावा आज लक्ष्मी विलास बैंक के डीबीएस बैंक इंडिया लिमिटेड में विलय के प्रस्ताव पर मोदी कैबिनेट ने अपनी मुहर लगा दी है। यहां आप आज की बड़ी खबरों के साथ अपडेट रह सकते हैं।
भारत में कोरोना केस
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 44,376 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 481 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में कोविड 19 के एक दिन में 44 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद पूरे देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 92 लाख पहुंच गई है। जबकि रिकवरी रेट की संख्या बढ़कर 86.42 लाख हो गई। देश में कुल कोरोनोवायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 92,22,216 हो गई। जबकि 481 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। 6,079 मामलों की वृद्धि के साथ 4,44,746 सक्रिय मामले हैं। हालांकि यहां लगातार 15वें दिन पांच लाख से नीचे मामले सामने आ रहे हैं। मृत्यु दर 1.46 प्रतिशत है।
कांग्रेस सांसद अहमद पटेल का निधन
कांग्रेस में नबंर दो के वफादार, कांग्रेस पार्टी और 10 जनपथ के चाणक्य कहे जाने वाले और राज्यसभा सांसद अहमद पटेल का आज बुधवार सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में कोरोना से निधन हो गया। बीते दिनों उन्हें कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जिसके बाद उनका स्वास्थ्य लगातार गिरता गया। उनके बेटे फैजल ने जानकारी देते हुए सभी शुभचिंतकों से सामूहिक समारोहों से बचने की अपील की है। फिलहाल, अहमद पटेल का अंतिम संस्कार उनके गांव में होगा। गुजरात के भरूच जिले के पीरामल के रहने वाले हैं। परिवार ने बताया कि उनकी अंतिम इच्छा थी कि उनका अंतिम संस्कार उनके गांव में हो।
नोबेल शांति पुरस्कार
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और आबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध स्थापित करने के मकसद से बेंजामिन नेतन्याहू और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के द्वारा किए गए कार्यों को लेकर उनका नाम नोमिनेट किया गया है। रूसी न्यूज़ एजेंसी स्पूतनिक ने इस बात की जानकारी दी है।
अमेरिका की मॉडर्ना कंपनी का दावा
अमेरिका की मॉडर्ना कंपनी ने दावा किया था कि उसने 94 फीसदी सफल वैक्सीन तैयार कर ली है और वैक्सीन का अंतिम चरण चल रहा है। लेकिन अब मॉडर्ना के वैज्ञानिकों ने एक नईं भविष्यवाणी करते हुए कहा कि अगर 94 फीसदी सफल वैक्सीन भी मार्किट में आ जाती है तो भी इस वैक्सीन को नहीं रोका जा सकता है।
बिहार विधानसभा स्पीकर
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के सम्पन्न होने के बाद एक बार फिर पटना स्थित विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन 'एनडीए' और महागठबंधन आमने - सामने नजर आये। आज पटना में 17वीं बिहार विधानसभा के नए अध्यक्ष पद को लेकर चुनाव हुआ। जानकारी के मुताबिक भाजपा विधायक विजय कुमार सिन्हा बिहार विधानसभा के नए स्पीकर चुन लिये गए हैं। इस दौरान विपक्षी विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया।
हरियाणा न्यूज
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड सचिव राजीव प्रसाद ने बताया कि वर्ष सत्र 2020-21 के लिए डीएलएड संस्थाओं के लिए अस्थाई सम्बद्धता के लिए आवेदन.पत्र एवं शुल्क प्राप्ति बिना विलम्ब शुल्क 25 नवम्बर से 10 दिसंबर तथा विलम्ब शुल्क 5000 रुपए सहित 11 से 24 दिसंबर, 2020 तक निर्धारित की गई है।
मध्य प्रदेश न्यूज
माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने शैक्षणिक सत्र 2020-21 की परीक्षाओं के लिए आवेदन शुल्क की रियायत को लेकर मंगलवार को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी आदेशों के अनुसार मप्र के निवासी अनुसूचित जाति के वह परीक्षार्थी जिनके परिवार की समस्त स्त्रोतों से वार्षिक आय एक लाख स अधिक नहीं है और अनुसूचित जनजाति के वह परीक्षार्थी जिनके परिवार की समस्त स्त्रोंतों से वार्षिक आय एक लाख आठ हजार से अधिक नहीं हैं उन्हे केवल प्रथम अवसर के लिए संपूर्ण परीक्षा शुल्क में छूट रहेगी।
छत्तीसगढ़ न्यूज
वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन के साथ ही सभी जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही पार्टी का झंडा तीन दिनों तक झुका रहेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने अहमद पटेल के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनका जाना पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई कर पाना आसान नहीं है। पार्टी में जिस सेवा भाव के साथ उन्होंने काम किया वो हम सबके लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेंगे। दुख के इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूँ।
बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद को मिला नया मुकाम
बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद असल जिंदगी में लोगों के लिए मसीहा है। वो अपने अच्छे कामों के जरिए लाइमलाइट में रहते है। कोरोना वायरस के चलते लगे लॉकडाउन में सोनू सूद ने लोगों की काफी मदद की। मदद करने का सिलसिला अब तक जारी है। लोग सोनू सूद को ट्विटर पर टैग कर उनसे मदद मांगते है। इन ट्वीट्स का जवाब सोनू सूद जरूर देते है। यही वजह है कि फिल्मों में विलेन का किरदार करने वाले सोनू सूद लोगों के लिए असर जिंदगी के हीरो है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS