Haribhoomi Bulletin: ट्विटर ने ट्रंप के ट्वीट करने पर लगाई रोक, पढ़ें दिनभर की बड़ी खबरें

Haribhoomi Bulletins: हरिभूमि (Haribhoomi.Com) पर आप देश-दुनिया और अपने राज्यों की खबरें पढ़कर अपडेट रह सकते हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को एलएसी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। भारत पूरी दुनिया में कोरोना वायरस से मौतों के मामले में पांचवे स्थान पर आ गया है। जम्मू कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने भाजपा सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी। ट्विटर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्वीट करने पर अस्थाई रोक लगा दी है। मनोज सिन्हा जम्मू कश्मीर के नए राज्यपाल होंगे।
राहुल गांधी ने एलएसी को लेकर मोदी सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर पूछा है कि चीनी घुसपैठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झूठ क्यों बोल रहे हैं? राहुल गांधी ने यह सवाल अपने ट्विटर एकाउंट से एक रिपोर्ट को शेयर करते हुए पूछा है। राहुल गांधी के द्वारा शेयर की गई रिपोर्ट में लिखा है। रक्षा प्रतिष्ठान ने आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया है कि चीन की सेना ने मई में पूर्वी लद्दाख में भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की थी। राहुल गांधी ने इसी रिपोर्ट का हवाला देते हुए सवाल पूछा है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि आखिर पीएम मोदी इस मुद्दे पर क्यों झूठ बोल रहे हैं?
भारत कोरोना वायरस से मौतों के मामले में पांचवें स्थान पर आया
भारत में लगातार कोरोना वायरस के मामलों में तेजी देखी जा रही है। बीते 1 सप्ताह से ज्यादा समय से हर दिन 50 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। बीते 24 घंटे में 56000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। तो वहीं भारत दुनिया में मौत के मामले में पांचवें नंबर पर पहुंच गया है और संक्रमण के मामले में तीसरे नंबर पर है। देश में कोरोना से अब तक 40 हजार से ज्यादा संक्रमित लोगों की मौत हो चुकी है। दुनिया में कोरोना से मौत के मामले में भारत पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। भारत में आधी मौत यानी करीब 20,000 मृतक पिछले 30 दिनों में बढ़ गए हैं। वहीं भारत में मृत्यु दर 2.0 9 फ़ीसदी पहुंच गई है। तो ठीक होने की दर 67.19 फीसदी है।
कुलगाम में भाजपा सरपंच की गोली मारकर हत्या
जम्मू कश्मीर में आतंकियों ने अब नेताओं को अपना शिकार बनाना शुरू कर दिया है। कुलगाम में आतंकियों ने भाजपा सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आतंकियों ने उस समय इस घटना को अंजाम दिया जब भाजपा सरपंच सजाद अहमद अपने घर के बाहर थे। आतंकियों ने भाजपा सरपंच पर अंधाधुंध गोलीबारी की। जिस कारण सरपंच खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। तत्काल भाजपा सरपंच को अस्पताल लेकर जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डोनाल्ड ट्रंप के ट्वीट करने पर ट्विटर ने लगाई अस्थाई रोक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्वीट करने पर ट्विटर ने अस्थाई रोक लगा दी है। बताया जा रहा है कि ट्रंप के ट्विटर अकाउंट पर अस्थाई रोक इसलिए लगाई गई है क्योंकि उन्होंने अपने अकाउंट से कोरोना वायरस को लेकर भ्रमक जानकारी दी है। ट्विटर का आरोप है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खातों (एकाउंट्स) से हुए ट्वीट कोरोना महामारी के संबंध में भ्रामक जानकारी वाले हैं, ऐसे में यह कंपनी के मानकों के अनुरूप नहीं हैं। मीडिया रिपोर्ट अनुसार, ट्विटर के एक प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कोरोना वायरस के बारे में अपने ट्वीट के माध्यम से गलत सूचना फैला रहे थे। जोकि कोरोना वायरस महामारी को लेकर कंपनी की तरफ से अपनाए गए मानकों के अनुरूप नहीं थे।
मनोज सिन्हा होंगे जम्मू-कश्मीर के नए उपराज्यपाल
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता भारतीय मनोज सिन्हा अब जम्मू-कश्मीर के नए उपराज्यपाल होंगे। बीती कल शाम गिरीश चंद्र मुर्मू ने अपने पद से इस्तीफा राष्ट्रपति को दे दिया था। आज सुबह राष्ट्रपति भवन की तरफ से मनोज सिन्हा की नियुक्ति का ऐलान किया गया है। आपको बता दें कि बीते बुधवार शाम को अचानक जीसी मुर्मू के इस्तीफे की खबर आई थी। रामनाथ कोविंद ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। अब मनोज सिन्हा को जम्मू कश्मीर के नए उपराज्यपाल (LG) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी से साफ जाहिर है कि एक बार फिर राज्य के उच्चस्थ पद पर राजनीतिक एंट्री हुई है। इससे पहले जब जम्मू-कश्मीर पूर्ण राज्य था तब सत्यपाल मलिक यहां के राज्यपाल थे, लेकिन जब केंद्रशासित प्रदेश बना तो अधिकारी जीसी मुर्मू को भेजा गया। जीसी मुर्मू की गिनती भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खास अधिकारियों में होती रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS