देश के कुल एक्टिव मामलों का 72 फीसदी केरल और महाराष्ट्र में: स्वास्थ्य मंत्रालय

देश के कुल एक्टिव मामलों का 72 फीसदी केरल और महाराष्ट्र में: स्वास्थ्य मंत्रालय
X
आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि साउथ अफ्रीका के म्युटेंट स्ट्रैन के भारत में 4 मामले पाए गए हैं। ये सभी जनवरी 2021 में साउथ अफ्रीका से लौटे थे।

देश में कोविड-19 वैश्विक महामारी की स्थिति को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने कहा कि देश के कुल सक्रिय मामलों के 72 फीसदी केरल और महाराष्ट्र में है। दोनों राज्यों में क्रमशः 61,550 और 37,383 एक्टिव मामले पाए गए हैं। भारत में पिछले सात दिनों में प्रति मिलियन जनसंख्या पर 56 नए मामले दर्ज किए गए हैं।

अब तक देश में कुल 87,40,000 से ज्यादा कोविड वैक्सीन की डोज दी गई हैं। इनमें से 85,70,000 पहली डोज हैं और 1,70,000 से ज्यादा दूसरी डोज हैं। देश में कोविड के सक्रिय मामले अब 1,40,000 से भी कम हो गए हैं। क्युमुलेटिव पॉजिटिविटी रेट 5.27 प्रतिशत है और लगातार घट रहा है। पिछले 15 दिन के आंकड़े देखें तो नए मामलों की रेंज 12,900 प्रतिदिन से लेकर 9000 प्रतिदिन तक है।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, उन्होंने आगे कहा कि राजस्थान, सिक्किम, झारखंड, मिजोरम, केरल, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा और बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, लक्षदीप, त्रिपुरा ने पंजीकृत 70 प्रतिशत से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की खुराद दे दी गई है। वहीं लद्दाख, झारखंड, असम, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, त्रिपुरा, गुजरात और गोवा में 60 प्रतिशत से ज्यादा पात्र स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी खुराक दी जा चुकी है।

वहीं आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि साउथ अफ्रीका के म्युटेंट स्ट्रैन के भारत में 4 मामले पाए गए हैं। ये सभी जनवरी 2021 में साउथ अफ्रीका से लौटे थे। इन सभी के साथ इनके कॉन्टैक्ट की टेस्टिंग करके क्वारंटीन किया गया है।

Tags

Next Story