Himachal Election 2022: हिमाचल में कांग्रेस पर बरसे जेपी नड्डा, बोले- नीचे से ऊपर तक सब जेल जाने को तैयार

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव (Himachal Pradesh Assembly Elections 2022) को लेकर राज्य में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रदेश में एकसाथ 12 नवंबर को मतदान होगा और आठ दिसंबर को रिजल्ट आएगा। हिमाचल चुनाव के मद्देनजर तमाम राजनीतिक दल प्रदेश में जनसभाएं और रैलियां कर रहे हैं। इसी कड़ी में बीजेपी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने भी चंबा (Chamba District) के सलूणी पहुंचकर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने एक ओर जहां पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यों की सराहना की तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस (Congress) पर भी निशाना साधा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चंबा जिले में डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली सलूणी में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'हमारा सौभाग्य है कि आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने केवल देश में ही नहीं बल्कि दुनिया में भी भारत का नाम रोशन किया।' उन्होंने कहा कि हिमाचल में सरकार बदलती रहती है, ऐसा बोला जाता है, लेकिन हिमाचल के लोगों ने तय कर लिया है कि इस बार राज नहीं, रिवाज बदलेंगे। सीएम जयराम के नेतृत्व में हम फिर से विजयश्री होंगे। पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश के लिए जो विकास कार्य किए हैं, उसे हिमाचल की जनता कभी नहीं भूलेगी।
देश और दुनिया में भारत का नाम रोशन
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में ही नहीं बल्कि दुनिया में भी भारत का नाम रोशन हुआ है। भारत मोबाइल और इस्पात एवं स्टील बनाने में दूसरे स्थान पर, सौर उर्जा बनाने में 5वें स्थान पर आ गया है। कोरोना के मंदी के दौरान भी ब्रिटेन को पछाड़कर भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया। उन्होंने कहा कि यह इसलिए बता रहा हूं कि सही नेतृत्व को आशीर्वाद मिलने से सही नतीजे आते हैं।
कांग्रेस पर साधा निशाना
जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक समय था, जब पीएम कहते थे कि मैं एक रुपये भेजता हूं तो 85 पैसे बीच से गायब हो जाते हैं।आज मोदी जी ने एक बटन दबाकर 25 लाख करोड़ रुपए सीधे लोगों के खाते में पहुंचा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और कमीशन, कांग्रेस और भ्रष्टाचार दोनों पर्यायवाची हैं। हम मिशन से काम करते हैं और वो कमीशन के लिए। हम सेवा भाव से काम करते हैं और वो मेवा खाने के लिए काम करते हैं। कांग्रेस के नीचे से ऊपर तक या तो जेल जाने को तैयार हैं या बेल पर हैं।
आज का इंडिया डिजिटल इंडिया
बीजेपी अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि यह डिजिटल इंडिया है, बढ़ता हुआ इंडिया है। भाजपा सरकार बनने के बाद ही हिमाचल प्रदेश का विकास हुआ है। भाजपा से पहले कभी किसी पार्टी ने हिमाचल के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि सीएम जयराम की सरकार दोबारा बनेगी और पीएम मोदी के नेतृत्व में राज्य में आगे भी विकास कार्य तेज रफ्तार से चलते रहेंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS