Weather Today: भारी बारिश से जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद, अमरनाथ यात्रा भी रुकी, तस्वीरों से देखिये देशभर का हाल

Weather Today: भारी बारिश से जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद, अमरनाथ यात्रा भी रुकी, तस्वीरों से देखिये देशभर का हाल
X
देश के तमाम हिस्सों में भारी बारिश से तबाही की तस्वीरें सामने आ रही हैं। आज भी दिल्ली-एनसीआर समेत देश के तमाम हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पढ़िये तमाम अपडेट्स...

IMD Weather Today: देश के तमाम हिस्सों में भारी बारिश (Heavy Rain) से तबाही होने की तस्वीरें सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) में तेज बारिश के चलते जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग (Jammu-Srinagar Highway) बंद कर दिया गया है, वहीं अमरनाथ यात्रा (Amarnath Yatra) भी रोक दी गई है। कई तीर्थ यात्रियों के जत्थे को सुरक्षा के मद्देनजर जम्मू लौटाया जा रहा है। मौसम विभाग (Mausam Vibhag) की मानें तो देश के तमाम हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। देशभर में भारी बारिश से जुड़ी अपडेट्स यहां जानिये...

दिल्ली-एनसीआर में बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में मानसून की अक्षीय रेखा बनी है। इसके कारण उत्तर भारत और मध्य भारत के राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मानसून लगातार सक्रिय बना रहेगा। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत कई जगहों पर भारी वर्षा होगी। आज राजधानी दिल्ली में भी बारिश हुई। आईएमडी का कहना है कि दिल्ली में आज बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होगी।

पहाड़ों में बादल फटने की आशंका

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर समेत पहाड़ी राज्यों में भी जबरदस्त बारिश हो रही है। कई इलाकों में पहाड़ों पर बादल फटने की भी आशंका है। इसके लिए लोगों को पहले से अलर्ट जारी कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र छत्तीसगढ़, ओडिसा और गोवा समेत मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान है।

नदियों का जलस्तर बढ़ा

देश में भारी हो रही बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। असम, महाराष्ट्र समेत तटीय राज्यों में लोगों को बाढ़ की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पिछले दिनों लगातार बारिश होने से अन्य राज्यों में भी नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। राजस्थान में भारी बारिश से धौलपुर में चंबल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चल रहा है।

यहां भी आज बारिश होने के आसार

आज पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, मध्य प्रदेश, उत्तर पश्चिम और पूर्वी राजस्थान, विदर्भ के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसी के साथ जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, ओडिशा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।


Tags

Next Story