West Bengal: बंगाल में झारखंड एक्ट्रेस की गोली मारकर हत्या, यहां पढ़ें पूरा विवाद

पश्चिम बंगाल में एक बार फिर से लुटेरों का आतंक दिखा है। जहां लुटेरों ने खुलेआम एक अभिनेत्री की गोली मारकर हत्या कर दी। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में बुधवार को झारखंड की एक अभिनेत्री की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हावड़ा जिले में बुधवार तड़के सुबह राजमार्ग पर लुटेरों ने अभिनेत्री के परिवार पर हमला कर दिया। जब अभिनेत्री ने लूटपाट का विरोध किया, तो उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
जानें क्या है पूरा मामला
पुलिस ने बताया कि झारखंड की रहने वाली अभिनेत्री रिया कुमारी अपने पति प्रकाश कुमार और अपनी दो साल की बेटी के साथ कार से राष्ट्रीय राजमार्ग-16 से होकर कोलकाता जा रही थीं। अभिनेत्री के पति प्रकाश कुमार भी एक फिल्म निर्माता हैं। प्रकाश कुमार बागनान थाना क्षेत्र में महिष रेखा के पास सुबह करीब छह बजे लघुशंका के लिए रुके हुए थे। इसी दौरान तीन लोगों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया और उनका सामान लूटने की कोशिश करने लगे। तभी अभिनेत्री रिया ने अपने पति को बचाने की कोशिश की, तो लुटेरों ने उन्हें गोली मार दी और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
इसके बाद प्रकाश कुमार अपनी पत्नी को कार तक ले गये और मदद के लिए लगभग तीन किलोमीटर तक भटकते रहे। तभी कुलगछिया-पिरताला में राजमार्ग के किनारे प्रकाश ने कुछ लोगों को देखा, तो उन्हें आपबीती सुनाई। इसके बाद लोगों ने प्रकाश की पत्नी रिया को उलुबेरिया के एससीसी मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल ले जाने में मदद की। लेकिन चिकित्सकों ने रिया को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि हमने रिया के पति से पूछताछ कर ली है। हम स्थानीय लोगों से भी बात कर रहे हैं। जिनसे मदद के लिए प्रकाश ने संपर्क किया था। साथ ही कहा कि उनकी कार को फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच तेजी से चल रही है। हम जल्द ही आरोपियों तक पहुंच जाएंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS