Jharkhand: जमशेदपुर में धार्मिक झंडे के अपमान के बाद भड़की हिंसा, कई दुकानों को लगाई आग, अब तक 60 गिरफ्तार

Jharkhand: जमशेदपुर में धार्मिक झंडे के अपमान के बाद भड़की हिंसा, कई दुकानों को लगाई आग, अब तक 60 गिरफ्तार
X
झारखंड के जमशेदपुर जिले में धार्मिक झंडे के अपमान को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक प्रदर्शन हुआ था। जिसके बाद उपद्रवियों ने कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया। दोनों पक्षों की ओर पथराव हुआ। अब इस मामले में पुलिस ने 60 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

झारखंड के जमशेदपुर जिले में बीती रविवार रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस दौरान दोनों गुटों के लोग एक दूसरे पर पत्थरबाजी करने लगे। कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस की तैनाती करनी पड़ी। अभी भी स्थिति पर काबू पाने के लिए झारखंड पुलिस मौके पर तैनात है। बढ़ती हिंसा को देखते हुए इलाके में पुलिस बल को बढ़ा दिया गया है। वहीं, शास्त्री नगर इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है। स्थिति बेकाबू होते देख बाहर से RAF की एक कंपनी को भी इलाके में तैनात किया गया है। फिलहाल, हालात नियंत्रण में हैं। लेकिन माहौल अभी भी तनावपूर्ण बना हुआ है।

जानें क्यों भड़की हिंसा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हिंसा जमशेदपुर के कदमा स्थित शास्त्री नगर इलाके से शुरू हुई है। जहां 9 अप्रैल की रात एक पक्ष ने रामनवमी के मौके पर सड़कों पर लगे झंडे के साथ छेड़छाड़ की। धार्मिक झंडे के बांस में मांस का टुकड़ा बांध दिया। जब दूसरे पक्ष के लोगों ने इसे देखा, तो इसका विरोध जताया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते यह विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि इसने दंगे का रूप धारण कर लिया। हिंसक प्रदर्शन में दोनों ओर से खूब पथराव किए गए, उपद्रवियों ने कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया, कई वाहनों के साथ भी तोड़फोड़ की गई। इसके अलावा उपद्रवियों ने कई राउंड फायरिंग भी की।

पुलिस हिरासत में 60 से अधिक लोग

स्थिति को बेकाबू होते देख पुलिस बल को इलाके में तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने उपद्रवियों को भगाने के लिए आसमानी फायरिंग की। वहीं, उपद्रवियों ने भी पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इस हिंसा में SSP सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इसके बाद पुलिस भी मामले में सख्त हो गई है। पुलिस ने अभी तक 60 से अधिक उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, हालात नियंत्रण में हैं। लेकिन माहौल अभी भी तनावपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन ने जमशेदपुर में इंटरनेट सेवा को भी बंद कर दिया है। अगले आदेश तक इलाके में धारा 144 लागू रहेगी। पुलिस लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।

Tags

Next Story