Karnataka में Congress-BJP का तूफानी चुनाव प्रचार, जानें कौन क्या बोला

Karnataka में Congress-BJP का तूफानी चुनाव प्रचार, जानें कौन क्या बोला
X
Karnataka Election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और बीजेपी ने जोरों-शोरों से प्रचार शुरू कर दिया है। सीएम योगी, रक्षा मंत्री और एमपी के मुख्यमंत्री ने आज पार्टी के लिए प्रचार किया।

Karnataka Election 2023: कर्नाटक चुनाव के लिए बीजेपी (BJP) और कांग्रेस (Congress) ने कमर कस ली है। दोनों पार्टी के स्टार प्रचारक ने कैम्पेन शुरू कर दिया है। खास तौर पर बीजेपी ने आज के दिन कर्नाटक में मेगा प्रचार किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मांड्या और मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बेलगावी में रोड शो किया। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बेलगावी में जनसभा को संबोधित किया। कर्नाटक के श्रृंगेरी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी पार्टी के लिए प्रचार किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बेलगावी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने धर्म के आधार पर आरक्षण देकर भारत के संविधान की अवमानना की। 1975 में मनमाने तरीके से संविधान में संशोधन कर आपातकाल लगाकर लाखों की संख्या में लोगों को जेल में डाल दिया। भाजपा कभी ऐसा पाप नहीं कर सकती, चाहे सत्ता मिले या न मिले। उन्होंने आगे कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था कि भ्रष्टाचार इतना है कि अगर मैं 100 पैसा भेजता हूं तो लोगों को 14 पैसा मिलता है, लेकिन PM मोदी के नेतृत्व में हम अगर किसानों के खाते में 10 हजार रुपये भेजते हैं, तो उन्हें 10 हजार ही मिलते हैं।

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मांड्या में रोड शो के बाद, जनता को भी संबोधित किया। सीएम योगी ने कहा कि आज कांग्रेस विकास की बात कर बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन उनकी विकास की हकीकत क्या थी, पंचवर्षीय योजना। एक प्रोजेक्ट बनता था एक पंचवर्षीय योजना लग जाती थी। अगली पंचवर्षीय योजना में उसका शिलान्यास होता था, तीसरी में कार्यावंटन होता था। चौथी पंचवर्षीय योजना के शुरू होते ही वह प्रोजेक्ट दम तोड़ देता था और प्रोजेक्ट कभी पूरा नहीं होता था। एक ओर डबल इंजन की सरकार PFI को बैन करती है और दूसरी ओर कांग्रेस तुष्टिकरण का काम करती है, उन्हें धर्म के आधार पर आरक्षण देने का काम करती है। धर्म के आधार पर आरक्षण भारत के संविधान के विपरीत है, असंवैधानिक है।

कर्नाटक के बेलगावी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा की सरकार में आज कर्नाटक भारत के विकास का इंजन बना है। भाजपा की सरकार आए तो PFI पर प्रतिबंध लग जाए, लेकिन सिद्धारमैया मुख्यमंत्री बने तो PFI वालों को छोड़ने का पाप करें। ये आतंकवाद और आतंकवादियों का साथ देने का काम करते हैं।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने श्रृंगेरी, कर्नाटक में जनसभा को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि जब इंदिरा गांधी का सबसे मुश्किल संघर्ष का समय था, तो यहां की जनता उनके साथ खड़ी रही। उनके खिलाफ भी एक केस लगाया गया और उनको भी संसद से निकाला गया, आप उन्हें संसद में वापस लाए। आज उनके पोते राहुल गांधी पर उसी तरह से फर्जी केस डालकर संसद से निकाल दिया गया है और राहुल गांधी को पूरा विश्वास है कि इस देश की जनता हमारे साथ खड़ी रहेगी। हम सच्चाई का संघर्ष कर रहे हैं।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023

केंद्रीय चुनाव आयोग ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों में 10 मई को मतदान होगा, जबकि 13 मई को परिणाम आएंगे।

Also Read: Karnataka Election: कर्नाटक में चुनाव की तारीखों का पूरा शेड्यूल जारी... बुजुर्गों को पहली बार मिली ये खास सुविधा, पढ़ें बड़े ऐलान

Tags

Next Story