Karnataka Election Result: कांग्रेस ने BJP को दी पटखनी, 136 सीटें जीतीं

Karnataka Election Result: कांग्रेस ने BJP को दी पटखनी, 136 सीटें जीतीं
X
Karnataka Assembly Election Results 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के चुनावी नतीजें आज घोषित हो चुके हैं। कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी दूसरे पायदान पर रही। जानें तमाम ताजा अपडेट्स...

आज कर्नाटक के लिए ऐतिहासिक दिन है। 10 मई को राज्य की 224 विधानसभा सीटों पर 72.82 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया था। इस बार चुनाव में कुल 2,615 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई है। 36 केंद्रों पर मतगणना की गई। इन चुनावी नतीजों से भाजपा के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, कांग्रेस के दिग्गजों सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार और जेडीएस के एचडी कुमारस्वामी सहित कई दिग्गजों के भाग्य का फैसला हो गया है। आज के नतीजे सत्तारूढ़ भाजपा, विपक्षी कांग्रेस और क्षेत्रीय दल जेडीएस तीनों के लिए ही बहुत खास रहे। भारतीय जनता पार्टी को कर्नाटक में करारी हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, कांग्रेस ने कर्नाटक में 34 साल बाद सबसे बड़ी में जीत दर्ज की है।

Karnataka Assembly Election 2023 Result Updates:

कांग्रेस ने जीतीं 136 सीटें, BJP 65 पर सिमटी

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे जारी हो गए हैं। कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है। यहां कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत हासिल करते हुए 136 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भारतीय जनता पार्टी इस 65 सीटों पर ही सिमट कर रह गई।

कांग्रेस ने जीतीं 133 सीटें

चुनाव आयोग के मुताबिक, मतगणना जारी रहने के साथ ही कांग्रेस ने 133 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है और 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने भी विधानसभा चुनाव में 64 सीटें जीत ली हैं और 1 सीट पर आगे चल रही है। कांग्रेस ने अब तक के कुल वोट का 43.11 प्रतिशत हासिल कर लिया है।

राहुल बोले-मोहब्बत की दुकान खुली

कर्नाटक विधानसभा चुुनाव में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में नफरत का बाजार बंद हो गया है, यहां पर मोहब्बत की दुकान खुल गई है।

चुनाव आयोग ने दिए आंकड़े

चुनाव आयोग के आंकड़ो के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी 137 पर आगे चल रही है और 36 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी 45 सीटों पर आगे है और 17 सीटों पर जीत बना चुकी है।

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने पीएम पर साधा निशाना

कांग्रेस के सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मोदी जी ने तानाशाही कर भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने पर राहुल गांधी की संसदीय सदस्यता रद्द कर दी थी और आज उसी भ्रष्टाचार के चलते कर्नाटक की जनता ने उन्हें राज्य से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि इससे यह साबित हो गया कि सत्ताधारी पार्टी नहीं बल्कि आम जनता यह तय करती है कि सत्ता की चाबी किसके हाथ में जाएगी।

कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने जीत हासिल की

कर्नाटक विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कनकपुरा विधानसभा क्षेत्र से 71.63 फीसदी से ज्यादा वोट मिले। उन्होंने भाजपा के आर अशोक को कड़ी शिकस्त दी है। साथ ही इस मौके पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया।

जयराम रमेश बोले- पीएम की हार हुई

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने बहुमत का आकड़ा पार कर लिया है। इसी को देखते हुए पार्टी में उत्साह का माहौल है। वहीं, कांग्रेस पार्टी के नेता जयराम रमेश ने कहा कि जैसे-जैसे कर्नाटक चुनाव में परिणाम अंतिम रूप लेता जा रहा है, वैसे ही यह साफ होते जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी की जीत हो रही है और प्रधानमंत्री की हार हो रही है।

बोम्मई बोले- लोकसभा में वापसी करेंगे

कर्नाटक विधानसभा चुनावों की मतगणना जार है। इसी बीच सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि हम सभी परिणामों के आने के बाद इसपर गहनता से चर्चा करेंगे और विश्लेषण करेंगे। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के रूप में हम अलग-अलग स्तरों पर अपनी कमियों को देखेंगे और उनमें सुधार करने की पूरी कोशिश करेंगे और लोकसभा के चुनावों में भी वापसी करेंगे।

12 बजे तक के रूझान

चुनाव आयोग के 12 बजे तक के रूझानों के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी ने 124 सीटों पर बढ़त बना ली है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी को 70 सीटें मिली हैं। जेडीएस भी 23 सीटों पर आगे चल रही है।

कल बेगलुरू में विधायक दल की बैठक

कर्नाटक विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के बहुमत के आकड़े को पार करने के बाद पार्टी ने कल सुबह बेंगलुरु में विधायक दल की बैठक बुलाई है। कांग्रेस १२२ सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

राजस्थान के सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने ट्वीट किया

राजस्थान के सीएम अशोक गहलो ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कर्नाटक में जो माहौल पैदा हुआ है और देखा गया है, उसी का परिणाम आज कर्नाटक के विधानसभा चुनावों में देखने को मिल रहा है। साथ ही, उन्होंने कहा कि कर्नाटक चुनाव के नतीजों से लग रहा कि यह राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में यह सब दोबारा से दोहराया जाएगा।

चुनाव आयोग के मुताबिक- वोट शेयर

चुनाव आयोग के द्वारा जारी आकड़ो के मुताबिक, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को 42.93 फीसदी वोट शेयर, बीजेपी को 36.17 प्रतिशत वोट शेयर और वहीं, जेडीएस को 12.97 फीसदी वोट शेयर मिला है।

कांग्रेस ने बनाई बढ़त

कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस एक आरामदायक बहुमत हासिल करने के लिए तैयार दिख रही है क्योंकि उसने 120 सीटों पर अपनी बढ़त बनाई है। बीजेपी 100 सीटों पर भी बढ़त नहीं बना पाई है। जेडीएस 26 सीटों पर बढ़त के साथ पीछे चल रही है।

69 लिंगायत सीटों में से कांग्रेस 43 सीटों पर आगे चल रही है

कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 में 69 लिंगायत बहुल सीटों पर कांग्रेस पिछले चुनावों से 21 सीटों पर 43 सीटों पर आगे चल रही है।

जगदीश शेट्टार अपनी सीट से पीछे

चुनाव आयोग के मुताबिक, हुबली-धारवाड़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के महेश तेंगिंकाई आगे चल रहे हैं, वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार और छह बार के विधायक जगदीश शेट्टार पीछे चल रहे हैं।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में रूझानों में कांग्रेस को बहुमत

कर्नाटक विधानसभा चुनाव की 224 सीटों में से 217 के रुझानों के अनुसार, कांग्रेस 112 के आधे रास्ते को पार कर चुकी है। वह अभी 112 निर्वाचन क्षेत्रों में बढ़त बनाए हुए है, जबकि भारतीय जनता पार्टी 73 सीटों पर और जेडीएस 27 सीटों पर आगे चल रही है।

सीएम बसवराज बोम्मई शिगगांव से आगे

चुनाव आयोग के मुताबिक, शिगगांव विधानसभा सीट से कर्नाटक के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बसवराज बोम्मई आगे चल रहे हैं। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे और बीजेपी के नेता बीवाई विजयेंद्र शिकारीपुरा विधानसभा सीट से बढ़त बनाए हुए हैं।

सुबह 10 बजे तक के रूझान

चुनाव आयोग के मुताबिक, 10 बजे तक के रूझान में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस 95 सीटों पर बढ़त बना रही है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी भी 61 सीटों पर बनी हुई है। कांग्रेस पार्टी के कार्यालय के बाहर जश्न का माहौल है।

प्रियांक खड़गे ने बढ़त बनाई

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चित्तापुर विधानसभा सीट से मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे ने बढ़त बनाई है। 224 सीटों वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव परिणाम 2023 में कांग्रेस ने अपनी बढ़त बनाए रखी है।

सुबह नौ बजे तक के रूझान

सुबह नौ बजे तक आए रुझानों में कांग्रेस को बढ़त मिलती हुई नजर आ रही है। कांग्रेस फिलहाल 112, भाजपा 90, जेडीएस को 19 सीटें मिल रही हैं।

बीजेपी ने लोगों के लिए काम किया, जीतेंगे: सीएम बोम्मई

जैसे ही वोटों की गिनती चल रही थी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने विश्वास जताया कि भाजपा राज्य में सत्ता में दूसरा कार्यकाल जीतेगी। इससे पहले दिन में, बोम्मई ने एक हनुमान मंदिर का दौरा किया और पूजा-अर्चना की। यह दक्षिणपंथी संगठन बजरंग दल पर कांग्रेस पार्टी के प्रस्तावित प्रतिबंध के बाद भाजपा के साथ एक फ्लैशप्वाइंट बन गया है।

मतगणना शुरू, 2615 उम्मीदवारों का भाग्य अधर में

कर्नाटक की सभी 224 विधानसभा सीटों पर मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। मतदान अधिकारी ईवीएम और पोस्टल बैलेट निकालने के लिए स्ट्रांग रूम खोलते देखे गए। किसी भी तरह की घटना से बचने के लिए मतदान केंद्र व उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर लिए गए हैं।

पूर्व सीएम सिद्धारमैया के बेटे बोले- कांग्रेस राज्य में सरकार बनाएगी

कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र सिद्धारमैया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल करेगी और अपनी सरकार का निर्माण करेगी। साथ ही, उन्होंने कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि हम अपने दम पर सरकार का गठन करेंगे।

कुमारस्वामी बोले- विकास की उम्मीद

जेडीएस के नेता एचडी कुमारस्वामी ने विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि अगले 2 से 3 घंटे में यहां की तस्वीर साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल बताते हैं कि दोनों राष्ट्रीय दल बड़े पैमाने पर स्कोर करेंगे। एग्जिट पोल ने जेडीएस को 30 से 32 सीटें दी हैं। कुमारस्वामी ने कहा कि हमारी एक छोटी सी पार्टी है और हमारी कोई मांग नहीं है। पार्टी केवल अच्छे विकास की उम्मीद कर रही है। एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि अभी तक किसी भी पार्टी ने मुझसे संपर्क नहीं किया है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कर्नाटक पुलिस ने राज्य में आज 224 विधानसभा सीटों के मद्देनजर मतगणना से पहले ही सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम कर लिए हैं। डीसी बेंगलुरु अर्बन दयानंद केए ने बताया कि प्रत्येक स्ट्रांग रूम व मतगणना हॉल और मतगणना केंद्र में अधिक पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है, ताकि सभी प्रकार की स्थिति पर नजर रखी जा सके।

पूर्व केंद्रीय मंत्री के रहमान ने दी प्रतिक्रिया

कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री के रहमान खान ने कहा कि आज कर्नाटक राज्य के लिए बहुत ही बड़ा दिन है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि कांग्रेस विधानसभा चुनावों में जीतेगी। हमें 120 से अधिक सीटों के साथ बहुमत मिलना चाहिए। केवल एग्जिट पोल ही नहीं है, जो कांग्रेस की जीत की भविष्यवाणी करते हैं, वह जमीनी स्तर पर नजर आ रहा है। प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है।

Tags

Next Story