Lok Sabha Election 2019 : यूपी की 13 सीटों पर 53.12 फीसदी वोटिंग, डिम्पल यादव, साक्षी महराज समेत कई दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में बन्द

Lok Sabha Election 2019 : यूपी की 13 सीटों पर 53.12 फीसदी वोटिंग,   डिम्पल यादव, साक्षी महराज समेत कई दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में बन्द
X
Lok Sabha Election 2019 Phase 4 :लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण में 9 राज्यों की 71 लोकसभा सीटों पर आज सुबह सात बजे मतदान शुरू होकर शाम 6 बजे तक चला। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 13 लोकसभा सीटों पर 53.12 प्रतिशत वोट पड़े।

Lok Sabha Election 2019 Phase 4 : लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण में 9 राज्यों की 71 लोकसभा सीटों पर आज सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और शाम 6 बजे समाप्त हुआ। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 13 लोकसभा सीटों पर कुल 53.12 प्रतिशत वोट पड़े। उन्नाव, खीरी, हरदोई, शाहजहांपुर, मिश्रिख, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, जालौन, झांसी और हमीरपुर लोकसभा सीट पर आज मतदान पूरा हो गया। ज्यादातर जगहों पर मतदान शान्तिपूर्ण रहा। कुछ गांवों में ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर मतदान का बहिष्कार भी किया। अधिकारियों ने समझाबुझाकर वोट करने को राजी कर लिया।

2014 में इन 13 सीटों में 12 पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। इस चरण में उत्तर प्रदेश के कई बड़े दिग्गजों की साख दांव ईवीएम में बन्द हो गई। कन्नौज से सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिम्पल यादव चुनावी मैदान में हैं। कानपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता श्रीप्रकाश जायसवाल का मुकाबला भाजपा के सत्यदेव पचौरी से है। फर्रुखाबाद से कांग्रेस के सलमान खुर्शीद और उन्नाव से भाजपा के साक्षी महराज चुनौती पेश कर रहे हैं। वहीं इटावा से भाजपा प्रत्याशी राम शंकर कठेरिया का मुकाबला सपा के कमलेश कठेरिया से है। फर्रुखाबाद से कांग्रेस के सलमान खुर्शीद चुनौती पेश कर रहे हैं। इटावा लोकसभा सीट पर राम शंकर कठेरिया का मुकाबला सपा के कमलेश कठेरिया से है। इस सीट पर पिछली बार सपा का कब्जा था। उन्नाव से भाजपा ने साक्षी महराज को मैदान में बरकरार रखा है।

Lok Sabha Election 2019 Phase 4 Live News Updates

- उत्तर प्रदेश की 13 लोकसभा सीटों पर शाम 6 बजे तक 53.12 प्रतिशत वोट पड़े।

- इटावा, कन्नौज, फर्रुखाबाद लोकसभा सीट समेंत उत्तर प्रदेश की 13 लोकसभा सीट पर साढ़े पांच बजे तक 52.90 फीसदी मतदान

- उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर मतदान जारी है। 5 बजे तक कुल 45.08% मतदान हो चुके हैं। धूप और गर्मी में कमी होने के कारण मतदाता एकबार फिर से लाइन में दिखाई दे रहे हैं।

- चौथे चरण के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर मतदान जारी है। शाम 4 बजे तक कुल 44.79% वोटिंग हो चुकी थी।

- शाहजहांपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र के गोरा बकैनिया गांव में वोट डालने को लेकर विवाद हो गया जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी डंडे चलने लगे। इस दौरान हवाई फायरिंग भी हुई। पुलिस ने लाठी पटक कर लोगों को वहां से भगाया।

- शाहजहांपुर संसदीय सीट के पसिगनपुर और रावतपुर के बीच पुल निर्माण न होने से लोग वोट करने घर से ही नहीं निकले। लोगों ने कहा जब पुल नहीं तो वोट नहीं।

-शाहजहांपुर लोकसभा सीट के एक दर्जन से ज्यादा हिस्सों में ईवीएम खराब होने से मतदान में रुकावट आई।

- लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में उत्तर प्रदेश की 13 लोकसभा सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 44.13% मतदान हो चुके हैं।

- झांसी-ललितपुर लोकसभा के चौथे चरण में दोपहर तीन बजे तक का मतदान प्रतिशत

झांसी- 40%

बबीना - 47.9%

मऊरानीपुर- 45%

ललितपुर- 52%

महरौनी- 55%

- उन्नाव लोकसभा के अन्तर्गत परमनी गांव में दोपहर 1.30 बजे तक एक ही मतदाता ने मतदान नहीं किया। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव के एक बच्चे को अगवा कर मार दिया गया। जिसमें अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस कारण गांव के लोग वोट नहीं डाल रहे हैं।

- लोकसभा चुनाव के चरण में उत्तर प्रदेश की 13 संसदीय सीटों पर 2 बजे तक 34.4% मतदान हुआ। गर्मी और धूप के बीच पोलिंग बूथों पर लम्बी कतारे लगी हुई हैं।

- लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में उत्तर प्रदेश की 13 संसदीय सीटों पर सुबह 12 बजे तक 21.18% मतदान हुआ।

- हरदोई लोकसभा के एक पोलिंग बूथ पर मतदान के लिए लाइन में खड़े एक व्यक्ति की मौत हो गई। थाना बघौली के उमरा गांव निवासी ओमपाल सिंह मतदान करने के लिए लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे तभी अचानक गिर पड़े। इस घटना के बाद मतदान स्थल पर हड़कंप बन गया है।

- झांसी लोकसभा के बरुआसागर थाना क्षेत्र में एक उड़नदस्ते की टीम द्वारा वोटरों से अभद्रता करने का आरोप लगा है। इसके बाद ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया। थाना प्रभारी निग्वेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को मतदान करने के लिए मनाने में जुटे हैं।

- उत्तर प्रदेश की 13 लोकसभा सीटों पर सुबह 9 बजे तक 10 फीसदी मतदान, बड़ी संख्या में वोटर अपने पोलिंग बूथ पर पहुंच रहे हैं।

- 9 बजे तक वोटिंग प्रतिशत

कानपुर में 9%

फर्रुखाबाद में 11.43%

उन्नाव में 10.81%

जालौन में 7.80%

इटावा में 7.85%

हरदोई में 9.30%

मिश्रिख में 8.70%

हमीरपुर में 10.40%

कन्नौज में 8.10%

अकबरपुर में 8.40%

शाहजहांपुर में 11.11 %

लखीमपुर खीरी 09.35%

- शाहजहांपुर लोकसभा में सुबह 9 बजे तक 11.11 फीसदी मतदान

- कन्नौज लोकसभा के छिबरामऊ क्षेत्र के बूथ संख्या 35 और 435 पर मतदान शुरू होना बाकी है। मतदान केंद्र पर कतार में इंतजार कर रहे लोगों का कहना है, ईवीएम में गड़बड़ के कारण मतदान शुरू नहीं हुआ है।

- कन्नौज, उन्नाव और कानपुर लोकसभा के कुछ पोलिंग बूथों पर ईवीएम खराब होने की सूचना मिल रही है।

- इटावा लोकसभा में ससुराल जाने से पहले दुल्हन ने नजदीकी पोलिंग बूथ पर जाकर मतदान किया




- हरदोई लोकसभा में एक पोलिंग बूथ पर मतदान का बहिष्कार, बूथ पर एक भी मतदाता नहीं पहुंचे

- फर्रुखाबाद लोकसभा के कई हिस्सों में वोटिंग मशीन में खराबी की शिकायते मिल रही हैं। क्षेत्र के कंपिल कस्बे स्थित के.एस. आर. इंटर कॉलेज में पांच बूथ बने है। EVM में तकनीकी खराबी आने के कारण बूथ संख्या 60, 61, 62, 63,के अभी तक वोटिंग चालू नही हो पाई है।

- उन्नाव से बीजेपी सांसद प्रत्याशी साक्षी महाराज ने उन्नाव के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

- कानपुर लोकसभा सीट के पोलिंग बूथों पर मतदाताओं में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा। कुछ पोलिंग बूथों पर ईवीएम खराब होने की शिकायत

- झांसी लोकसभा सीट पर भाजपा सांसद अनुराग शर्मा नें एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।

इस चरण के साथ ही निघासन विधानसभा का उपचुनाव भी है। इसमें कुल तीन लाख 35 हजार 987 मतदाता कुल सात उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। चौथे चरण में एक करोड़ 30 लाख 83 हजार 421 पुरुष तथा एक करोड़ 10 लाख 22 हजार 629 महिलाओं समेत कुल दो करोड़ 41 लाख 784 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान के लिये 17011 केन्द्र तथा 27516 मतदेय स्थल बनाये गये हैं। इनमें से 4014 मतदेय स्थल संवेदनशील श्रेणी में रखे गये हैं। मतदान को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिये 3459 माइक्रो आब्जर्वर, 2298 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 293 जोनल मजिस्ट्रेट, 308 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 13 सामान्य प्रेक्षक, सात पुलिस प्रेक्षक, 13 व्यय प्रेक्षक तथा 67 सहायक व्यय प्रेक्षक तैनात किये गये हैं।

इस चरण में पूर्व केन्द्रीय मंत्रियों सलमान खुर्शीद, श्रीप्रकाश जायसवाल, उत्तर प्रदेश के मौजूदा कैबिनेट मंत्री सत्यदेव पचौरी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिम्पल यादव, साक्षी महाराज और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामशंकर कठेरिया जैसे राजनीतिक दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इस चरण में इस चरण में कुल 152 प्रत्याशी मैदान में हैं।

चौथे चरण में जिन सीटों पर चुनाव हो रहा है, उनमें से वर्ष 2014 के पिछले लोकसभा चुनाव में कन्नौज को छोड़कर बाकी सभी सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की थी। इस चरण में चुनाव से गुजर रही सीटों में से ज्यादातर पर बसपा और सपा का खासा दबदबा माना जाता है। हालांकि वर्ष 2014 के चुनाव में बिल्कुल जुदा तस्वीर उभरी थी और 12 सीटों पर भगवा लहराया था।

चौथे चरण में सबसे दिलचस्प मुकाबला कन्नौज में माना जा रहा है। यहां सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी मौजूदा सांसद डिम्पल यादव सपा-बसपा-रालोद गठबंधन की उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं। उनका मुख्य मुकाबला भाजपा के सुब्रत पाठक से है जिन्होंने साल 2014 के लोकसभा चुनाव में डिम्पल को कड़ी टक्कर दी थी। कांग्रेस ने यहां अपना प्रत्याशी नहीं खड़ा किया है।

कानपुर में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। यहां तीन बार सांसद रह चुके कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल और उत्तर प्रदेश के मौजूदा खादी ग्रामोद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी के बीच कड़ी टक्कर है। गठबंधन ने यहां पर राम कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है। फर्रुखाबाद सीट पर पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद एक बार फिर किस्मत आजमा रहे हैं।

उनके मुकाबले में मौजूदा सांसद भाजपा प्रत्याशी मुकेश राजपूत मैदान में हैं। इसके अलावा गठबंधन ने मनोज अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है। समाजवादियों का गढ़ मानी जाने वाली इटावा लोकसभा सीट पर भाजपा ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामशंकर कठेरिया को उम्मीदवार बनाया है। वर्ष 2014 में हुए पिछले लोकसभा चुनाव में यहां से विजयी हुए अशोक दोहरे इस बार कांग्रेस के टिकट से दावेदारी पेश कर रहे हैं।

गठबंधन ने यहां पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया के बेटे कमलेश कठेरिया पर दांव लगाया है। शाहजहांपुर सीट पर भाजपा ने अरुण सागर को, कांग्रेस ने ब्रह्म स्वरूप सागर और गठबंधन ने अमर चंद जौहर को उम्मीदवार बनाया है। खीरी सीट से मौजूदा सांसद भाजपा प्रत्याशी अजय कुमार मिश्र 'टेनी' का मुख्य मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार जफर अली नकवी और गठबंधन प्रत्याशी डॉक्टर पूर्वी वर्मा से है।

हरदोई (सुरक्षित) सीट से भाजपा ने तीन बार सांसद रह चुके जय प्रकाश रावत को टिकट दिया है। वहीं, गठबंधन ने दो बार की सांसद ऊर्षा वर्मा और कांग्रेस ने पूर्व विधायक वीरेन्द्र वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। मिश्रिख (सुरक्षित) सीट से दो बार के सांसद अशोक रावत भाजपा की तरफ से चुनौती पेश कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री राम लाल राही की बहू मंजरी रावत को मैदान में उतारा है।

गठबंधन ने यहां नीलू सत्यार्थी को उम्मीदवार बनाया है। उन्नाव सीट से मौजूदा सांसद साक्षी महाराज एक बार फिर भाजपा से उम्मीदवार हैं। उनका मुख्य मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व सांसद अनु टण्डन और गठबंधन के अरुण कुमार शुक्ला से है। जालौन से कांग्रेस ने पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, भाजपा ने मौजूदा सांसद भानु प्रताप वर्मा पर एक बार फिर दांव खेला है।

गठबंधन ने अजय कुमार पंकज को उम्मीदवार बनाया है। अकबरपुर सीट से भाजपा के मौजूदा सांसद देवेन्द्र सिंह भोले एक बार फिर इसी पार्टी से उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व सांसद राजा राम पाल और गठबंधन उम्मीदवार निशा सचान से है।

झांसी सीट से भाजपा ने अनुराग शर्मा को, गठबंधन ने श्याम सुंदर सिंह और कांग्रेस ने शिवशरन को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, हमीरपुर से भाजपा ने कुंवर पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल, गठबंधन ने दिलीप कुमार सिंह और कांग्रेस ने प्रीतम सिंह लोधी को मैदान में उतारा है।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

Tags

Next Story