Mumbai: बारिश के कारण चेंबूर में गिरी दीवार, 17 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से लोगों का जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। भारी बारिश की वजह से शहर में चेंबूर के भारत नगर इलाके में भूस्खलन हो गया। इस दौरान दीवार गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) का कहना है कि भूस्खलन के कारण चेंबूर के भारत नगर इलाके में कुछ झोंपड़ियों पर दीवार गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई है। और कई लोग घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के चेंबूर और विक्रोली में दीवार गिरने से लोगों की मौत पर दुख जताया। दीवार गिरने से जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 दिए जाएंगे। इस बात की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय से दी गई है।
मुंबई के विक्रोली इलाके में रविवार तड़के एक ग्राउंड प्लस वन आवासीय इमारत ढह गई, जिसमें बीएमसी के अनुसार 3 लोगों की मौत हो गई। बचाव अभियान जारी है। कुल मिलाकर महाराष्ट्र राज्य में 20 लोगों की मौत हो गई है।
बता दें कि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से मुंबई की गांधी मार्केट में सड़क पर पानी भरने के चलते बस के टायर तक डूब गए हैं। इसके अलावा भारी बारिश की वजह से भारतीय रेलवे की सेवाओं पर असर देखा जा रहा है। सायन रेलवे ट्रैक पूरी तरह से पानी में डूबा गया है।बारिश के कारण सड़क पर जलभराव की स्थिति हो गई और लोगों के कमर तक पानी भर गया। शहर के कई इलाकों में स्थित घरों के भीतर पानी भर गया है।
इस बार महाराष्ट्र में मॉनसून समय से पहले आया था। हालांकि, कुछ दिनों के बाद बारिश कम हो गई थी। लेकिन फिर से बीते कुछ दिनों से मुंबई में तेज बारिश हो रही है। इसकी कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, विभिन्न जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया था।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS