West Bengal TMC List: ममता बनर्जी ने की 291 प्रत्याशियों की घोषणा, खुद नंदीग्राम से लड़ेंगी चुनाव

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी 294 में से 291 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। तीन सीटों को गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के लिए छोड़ा गया है। ममता बनर्जी ने बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए आज कोलकाता में पार्टी प्रत्याशियों के नामों का एलान किया।
ममता ने कहा कि आज हम 291 उम्मीदवारों की सूची जारी कर रहे हैं, जिनमें 51 महिला उम्मीदवार और 42 मुस्लिम उम्मीदवार शामिल हैं। वे स्वयं नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने बताया कि शिवसेना और आरजेडी ने टीएमसी को समर्थन देने का फैसला किया है। अन्य संगठनों ने भी बिना शर्त समर्थन की चिट्ठी भेजी है। बता दें कि ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ती रही हैं। इस बार 100 नए चेहरों को मौका दिया गया है। हाल ही में पार्टी में शामिल हुए क्रिकेटर मनोज तिवारी को हावड़ा के शिबपुर से चुनाव लड़ाया जाएगा। कंचन मलिक को उत्तरपाड़ा से टिकट दिया गया है।
भाजपा 7 मार्च को कर सकती है एलान
भारतीय जनता पार्टी आज पहले दो चरणों के चुनाव के लिए 60 प्रत्याशियों की घोषणा करने वाली थी, जो किन्हीं कारणों से टाल दी गई। अब नई दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक सात मार्च को हो सकती है, जिसमें प्रत्याशियों का एलान हो सकता है। इससे पहले भी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में बैठक हो चुकी है। भाजपा के प्रत्याशियों पर सबकी नजर रहेगी, क्योंकि इस बार बंगाल में टीएमसी और भाजपा में ही कांटे की टक्कर दिखाई दे रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS