Mann Ki Baat: गुजरात चुनाव से पहले PM मोदी ने की मन की बात, जमीन से लेकर अंतरिक्ष तक की गिनाईं उपलब्धियां

Mann Ki Baat: गुजरात चुनाव से पहले PM मोदी ने की मन की बात, जमीन से लेकर अंतरिक्ष तक की गिनाईं उपलब्धियां
X
गुजरात चुनाव के पहले चरण के लिए एक दिसंबर को मतदान होना है। पीएम मोदी ने आज 'मन की बात' कार्यक्रम को संबोधित किया। पढ़िये उनका पूरा भाषण...

Mann Ki Baat 95th Episode: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने आज मन की बात (Mann Ki Baat) कार्यक्रम के 95वें एपिसोड में देश को संबोधित किया। गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी (PM Modi) ने जी20, संगीत, झारखंड की लाइब्रेरी, देश के स्पेस सेक्टर जैसे कई विषयों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, हम मन की बात के 100वें एपिसोड की ओर बढ़ रहे हैं। भारत के लोगों से जुड़ना मेरे लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, देश भर के लोगों ने मुझे लिखा है कि उन्हें कितना गर्व है कि भारत को G20 की अध्यक्षता मिली है। अमृत ​​काल के तहत भारत को यह जिम्मेदारी मिली है। G20 की अध्यक्षता हमारे लिए एक अवसर है। हमें वैश्विक भलाई पर ध्यान देना है, चाहे वह शांति हो, एकता हो या सतत विकास, भारत के पास इन चीजों से जुड़ी चुनौतियों का समाधान है। हमने 'एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य' की थीम दी है, उससे वसुधैव कुटुम्बकम के लिए हमारी प्रतिबद्धता जाहिर होती है।

भारत की स्पेस सेक्टर में सफलता

पीएम मोदी ने कहा, भारत स्पेस के सेक्टर में अपनी सफलता अपने पड़ोसी देशों से भी साझा कर रहा है। कल ही भारत ने एक सैटेलाइट लॉन्च की, जिसे भारत और भूटान ने मिलकर विकसित किया है। इस सैटेलाइट की लॉन्चिंग भारत-भूटान के मज़बूत संबंधों का प्रतिबिंब है। भारत ने 18 नवंबर को अंतरिक्ष क्षेत्र में एक उपलब्धि हासिल की जब एक रॉकेट 'विक्रम एस' को अंतरिक्ष में लॉन्च किया गया। इसे निजी क्षेत्र द्वारा डिजाइन और विकसित किया गया था और इसमें कई नई विशेषताएं हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि ड्रोन के क्षेत्र में भी भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। कुछ दिन पहले हमने देखा कि कैसे हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में ड्रोन के जरिए सेब ट्रांसपोर्ट किए गए।

झारखंड के बच्चे लाइब्रेरी मैन बन गए

प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड के संजय कश्यप को अच्छी पुस्तकों की कमी का सामना करना पड़ा था। वो अब झारखंड के कई ज़िलों में बच्चों के लिए लाइब्रेरी मैन बन गए हैं। उन्होंने झारखंड के कई ज़िलों में बच्चों के लिए लाइब्रेरी खोल दी है। हरदोई के गांव बांसा में जतिन ललित सिंह शिक्षा की अलख जगाने में जुटे हैं। जतिन ने 2 साल पहले यहां सामुदायिक पुस्तकालय और अनुसंधान केंद्र शुरू किया। यहां 3000 से ज्यादा पुस्तकें उपलब्ध हैं।

मन की बात में पीएम मोदी ने इन बातों का भी किया जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधन के दौरान कहा, बीते 8 वर्षों में भारत से म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट का निर्यात साढ़े तीन गुना बढ़ गया है। इलेक्ट्रिकल म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट की बात करें तो इनका निर्यात 60 गुना बढ़ा है। इससे पता चलता है कि भारतीय संस्कृति और संगीत की लोकप्रियता दुनिया में बढ़ रही है। नागा संस्कृति के बारे में पीएम मोदी ने कहा, नागा संस्कृति के जो खूबसूरत आयाम धीरे-धीरे खोने लगे थे। उन्हें 'LIDI KROU' संस्था ने पुनर्जीवित करने का काम किया है। उदाहरण के लिए इस संस्था ने नागा संगीत की एल्बम लॉन्च करने का काम शुरू किया है।

बता दें कि पीएम मोदी का 'मन की बात कार्यक्रम' गुजरात चुनाव से ठीक तीन पहले प्रसारित किया गया है। गुजरात चुनाव का पहला चरण एक दिसंबर और दूसरे चरण में पांच दिसंबर को मतदान होना है। मन की बात कार्यक्रम हर महीने आखिरी रविवार को प्रसारित किया जाता है। यह कार्यक्रम का 95वां एपिसोड है। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी समसामायिक विषयों पर अपने विचार जनता के समक्ष रखते हैं।

Tags

Next Story