Mann Ki Baat 2021 : पीएम मोदी ने कहा- 26 जनवरी को तिरंगे का अपमान देख देश बहुत दुखी हुआ

Mann Ki Baat 2021 : पीएम मोदी ने कहा- 26 जनवरी को तिरंगे का अपमान देख देश बहुत दुखी हुआ
X
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए साल की पहली और अब तक की 73वीं मन की बात रविवार को की। उन्होंने गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा पर दुख जताया, वहीं कोरोना वैक्सीन को लेकर विश्व भर में भारत के अगण्री रहने पर खुशी व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया पर भारत को मिली एतिहासिक जीत पर बधाई भी दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'दिल्ली में 26 जनवरी को तिरंगे का अपमान देख देश बहुत दुखी हुआ। हमें आने वाले समय को नई आशा और नवीनता से भरना है। हमने पिछले साल असाधारण संयम और साहस का परिचय दिया। इस साल भी हमें कड़ी मेहनत करके अपने संकल्पों को सिद्ध करना है।'

हमारा वैक्सीनेशन अभियान दुनिया के लिए मिसाल

उन्होंने कहा, 'इस साल की शुरुआत के साथ ही कोरोना के खिलाफ हमारी लड़ाई को भी करीब-करीब एक साल पूरा हो गया है। जैसे कोरोना के खिलाफ भारत की लड़ाई एक उदाहरण बनी है, वैसे ही अब हमारा वैक्सीनेशन अभियान भी दुनिया में एक मिसाल बन रहा है। भारत सिर्फ 15 दिन में अपने 30 लाख से ज़्यादा कोरोना वॉरियर का टीकाकरण कर चुका है, जबकि अमेरिका जैसे समृद्ध देश को इस काम में 18 दिन लगे थे और ब्रिटेन को 36 दिन। कोरोना संकट के समय में भारत केवल इसलिए दुनिया की सेवा कर पा रहा हैं, क्‍योंकि भारत आज दवाओं और वैक्‍सीन को लेकर आत्‍मनिर्भर है।'

आपके परिवार के सदस्य के रूप में उपस्थित

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मैं 'मन की बात' करता हूं तो ऐसा लगता है, जैसे आपके बीच आपके परिवार के सदस्य के रूप में उपस्थित हूं। 2021 की जनवरी का आखिरी दिन है। आप भी मेरी तरह सोच रहे हैं कि पूरा महीना बीत गया। समय की गति यही तो है। प्रधानमंत्री मोदी ने नारी शक्ति को भी सलाम किया। उन्होंने कहा, 'हर क्षेत्र में देश की महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। उन्होंने अमेरिका से सेन फ्रांसिस्को से बेंगलुरु के लिए नॉन स्टॉप फ्लाइट की कमान भारतीय महिला पायलटों द्वारा संभाले जाने और 26 जनवरी की परेड में भारतीय वायुसेना की दो महिला अधिकारियों द्वारा इतिहास रचने का भी जिक्र किया।

पर्यावरण की रक्षा से खुलते हैं आमदनी के रास्ते

प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम कर रहे लोगों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, हैदराबाद के बोयिनपल्‍ली में एक स्‍थानीय सब्‍जी मंडी, किस तरह अपने दायित्‍व को निभा रही है, ये पढ़कर भी मुझे बहुत अच्‍छा लगा। सब्‍जी मंडियों में अनेक वजहों से काफी सब्‍जी खराब हो जाती है, लेकिन बोयिनपल्‍ली की सब्‍जी मंडी में बेकार बची सब्जियों से बिजली बनती है। ऐसा ही प्रयास हरियाणा के बड़ौद में किया गया। ग्राम पंचायतों ने पूरे गांव से आने वाले गंदे पानी को फिल्टर करना शुरू किया और इसका इस्तेमाल खेतों में सिंचाई के लिए किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, 'पर्यावरण की रक्षा से कैसे आमदनी के रास्ते भी खुलते हैं, इसका एक उदाहरण अरुणाचल प्रदेश के तवांग में देखने को मिला। इस पहाड़ी इलाके में सदियों से मोन शुगु नाम का एक पेपर बनाया जाता है। इसके लिए पेड़ों को नहीं काटना पड़ता है।' उन्होंने कहा, खेती को आधुनिक बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और अनेक कदम उठा भी रही है। सरकार के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।'

युवा लेखकों को मिलेगा प्रोत्साहन

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'युवा लेखकों के लिए India Seventy Five के तहत एक पहल शुरू की जा रही है। इससे सभी राज्यों और भाषाओं के युवा लेखकों को प्रोत्साहन मिलेगा। मैं सभी देशवासियों को और खासकर के अपने युवा साथियों को आह्वान करता हूं कि वो देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में लिखें। अपने इलाके में स्वतंत्रता संग्राम के दौर की वीरता की गाथाओं के बारे में किताबें लिखें

अमृत महोत्सव की होगी शुरुआत

भारत अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव शुरू करने जा रहा है। उन्होंने कहा, 'मुंगेर के जयराम जी ने मुझे शहीद दिवस के बारे में लिखा। 15 फरवरी 1932 को अंग्रेजों ने वीरों की टोली ही हत्या कर दी थी। उनका अपराध था कि वो वंदेमातरम और भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे। मैं जयरामजी को धन्यवाद देना चाहता हूं कि वो ऐसी घटना को देश के सामने लाए।

चिली में भी भारतीय संस्कृति की खुशबू

मोदी ने कहा, 'भारत से चिली देश पहुंचने में बहुत समय लगता है, लेकिन भारतीय संस्कृति की खुशबू वहां बहुत पहले से फैली है। चिली की राजधानी में 30 से ज्यादा योग विद्यालय हैं। इम्यूनिटी बढ़ाने में योग की ताकत को देखते हुए वो योग को ज्यादा महत्व दे रहे हैं। वहां की पार्लियामेंट में प्रस्ताव पारित कर 4 नवंबर को योग डे घोषित किया है।'

फास्टैग से 21 हजार करोड़ की बचत

प्रधानमंत्री ने कहा, '18 जनवरी से 17 फरवरी तक हमारा देश सड़क सुरक्षा माह मना रहा है। हादसे देश में नहीं, दुनिया में चिंता का विषय हैं। भारत में रोड सेफ्टी के साथ सरकारी और व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास चल रहे हैं। कोलकाता की अपर्णाजी ने मुझे फास्टैग के बारे में बताया। पहले टोल प्लाजा पर एक गाड़ी को 7-8 मिनट लगते थे। अब ये समय 1-2 मिनट का है। इससे देशवासियों के करीब 21 हजार करोड़ रुपए बचने का अनुमान है।

Tags

Next Story