मनोज तिवारी ने केजरीवाल सरकार पर लगाया गंभीर आरोप

दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने केजरीवाल सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। मनोज तिवारी का कहना है कि दिल्ली सरकार ने पहले लोगों को नागरिक संशोधित कानून (सीएए) के नाम पर गुमराह किया। शुक्रवार को विधानसभा की सदन बैठक में एनपीआर और एनआरसी के नाम पर एक बार फिर दिल्ली के लोगों से झूठ बोलकर उन्हें गुमराह करने के कोशिश की गई है।
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली विधानसभा में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा एनपीआर और एनआरसी रोकने के प्रस्ताव पर उक्त बाते कही। तिवारी ने कहा कि राज्यसभा में चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने साफ किया कि एनपीआर के लिए किसी नागरिक को दस्तावेज नहीं दिखाना होगा, साथ ही किसी नागरिक को संदिग्ध की श्रेणी में नहीं रखा जाएगा।
केजरीवाल और उनके मंत्री फिर भी एनपीआर व एनआरसी को लेकर लोगों को गलत सूचना दे कर गुमराह कर रहे हैं। कुछ दिनों पहले ही सीएए के मुद्दे पर गलत प्रचार किया गया जिसके कारण दिल्ली ने दंगे और आगजनी जैसा भयानक मंजर देखा है जिससे अभी भी लोग उबर रहे हैं। ऐसे माहौल में भी दिल्ली के आम आदमी पार्टी और उनकी टीम लोगों को उकसाने का काम कर रही है।
तिवारी ने मुख्यमंत्री केजरीवाल द्वारा जन्म प्रमाण पत्र को लेकर दिए गए बयान पर तंज कसते हुए कहा कि भारत में विधानसभा का चुनाव लड़ने के लिये 25 साल की आयु सीमा निर्धारित है लेकिन अगर आप और आपके कैबिनेट के पास जन्म प्रमाण पत्र नहीं है तो चुनाव की वैधता कैसे निर्धारित हुई। अरविंद केजरीवाल इसका जवाब जरूर दें अन्यथा आप पवित्र सदन में झूठ बोलने के दोषी होंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS