Weather Today: हिमालयी क्षेत्रों में भी तेजी से बढ़ने लगा पारा, जानें दिल्ली समेत तमाम राज्यों का हाल

देश के मैदानी राज्यों की तरह हिमालयी क्षेत्रों में भी पारा तेजी से बढ़ने लगा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले एक सप्ताह में लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ेगा। यही नहीं, न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को ठंड से पूरी तरह निजात मिलने की संभावना जताई गई है। दिल्ली की बात करें तो यहां भी एक सप्ताह के भीतर अधिकतम पारा 31 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फरवरी माह में मौसम ने अपना मिजाज बदलना शुरू कर दिया है। इससे पहले जनवरी में भी मौसम में बदलाव आया था, जिस कारण लगा था कि सर्दी ने अलविदा कह दिया है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी हुई, जिससे मैदानी इलाकों में रहने वाले लोगों को सर्द हवाओं का सामना करना पड़ा था।
मौसम विशेषज्ञों ने तीन दिन पहले संभावना जताई थी कि दिल्ली और आसपास के राज्यों में रहने वाले लोगों को अब सर्द हवाओं से निजात मिल जाएगी। इसके अनुरूप लोगों को गुरुवार के दिन से सर्द हवा का नहीं सामना करना पड़ा। हालांकि रात के समय लोगों को ठंड महसूस हुई, लेकिन अब मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाले दिनों में पारा ऊपर की और बढ़ता जाएगा, जिससे ठंड खत्म हो जाएगी।
हालांकि मौसम विभाग ने इसके साथ ही एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आज यानि शुक्रवार से शुरू होने वाले की संभावना जताई है, जो क्षेत्रीय मौसम को प्रभावित कर सकता है। नीचे देखिये देश की राजधानी दिल्ली समेत जाने अन्य राज्यों के मौसम की जानकारी।
दिल्ली के मौसम का मिजाज
देश की राजधानी दिल्ली में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिल्ली में गुरूवार के दिन अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 10.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आशंका व्यक्त की है कि राजधानी दिल्ली में अगले सप्ताह तक अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में मौसम में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। इसी के साथ ही यूपी में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होना शुरू हो गई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 13 डिग्री बने रहने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों के मौसम का मिजाज
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले कुछ दिनों तक पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश के साथ हिमपात की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की जा सकती है। इसी के साथ पूर्वोत्तर राज्यों में भी हल्की बारिश की आशंका व्यक्त की गई है। इसी के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा में तापमान में बढ़ोतरी के कारण ठंड से राहत मिल रही है। वहीं, मध्यप्रदेश और राजस्थान में भी दिन के समय धूप लोगों को सताने लगी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS