Mausam Ki Jankari: पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक कड़ाके की ठंड, यहां जानें अपने राज्य का हाल

Mausam Ki Jankari: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने पहाड़ों से लेकर मैदानों तक ठंड बढ़ा दी है। उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में आज कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से कम है। कश्मीर में ठंड की स्थिति में मामूली सुधार हुआ क्योंकि पूरी घाटी में न्यूनतम तापमान थोड़ा बढ़ गया है, हालांकि मौसम विभाग ने शनिवार से दो दिनों तक हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा कि आज राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान लगातार दूसरे दिन पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। विभाग ने बताया कि दिल्ली में घना कोहरा छाने के कारण गुरुवार की सुबह कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 100 मीटर रह गई। वहीं आज भी विजिबिलिटी कम रही। आज सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में अगले दो दिनों तक शीतलहर चलने और तापमान के शुक्रवार को तीन डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने का अनुमान है। विभाग ने कहा कि इस दौरान मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम और सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम रहता है, तो आईएमडी शीतलहर की घोषणा कर देता है। वहीं हरियाणा और पंजाब में शीत लहर चली और न्यूनतम तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से काफी नीचे रहा।
पंजाब का मौसम
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में भी न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा पंजाब के हलवारा में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरीदकोट, बठिंडा, अमृतसर, पटियाला और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.6, 4.8, 4, 5.6 और 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच हरियाणा के अंबाला, करनाल, नारनौल, रोहतक, भिवानी और सिरसा में भी रात का तापमान क्रमश: 5.7, 2.9, 4.6, 4.6, 5.2 और 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है।
कश्मीर घाटी में शीत लहर
कश्मीर घाटी शीत लहर की चपेट में है। वहीं कश्मीर और लद्दाख में आज फिर पारा हिमांक से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक दिसंबर के आखिर तक भारी बर्फबारी का अनुमान नहीं है, हालांकि गुलमर्ग पहले ही बर्फ की चादर से ढक चुका है। कश्मीर घाटी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान में बढोत्तरी होने के बाद सर्दी में मामूली कमी आई जबकि मौसम विभाग ने शनिवार से घाटी में दो दिन तक हल्की बर्फबारी की संभावना जतायी है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रात के तापमान में कुछ वृद्धि दर्ज की गई है लेकिन यह लगातार जमाव बिंदु के नीचे बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश का हाल
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में शीतलहर चलने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं आज सुबह घना कोहरा छाए रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के सभी जिलों में रात के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने वाला है। गोरखपुर, बरेली, मुरादाबाद, अयोध्या, लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया।
राजस्थान में कड़ाके की ठंड
राजस्थान में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में राज्य के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच राज्य में दिन का तापमान भी 24 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटे में राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने का अनुमान है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS