Mausam Ki Jankari: शीतलहर से उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी, मैदानी इलाकों में पारा गिरा, इन राज्यों में ठंड और बारिश को लेकर अलर्ट जारी

Mausam Ki Jankari उत्तर भारत में शीतलहर से कड़ाके की सर्दी का प्रकोप जारी है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। वहीं कश्मीर में कड़ाके की सर्दी की 40 दिन की अवधि 'चिल्लई कलां' की शुरुआत हो गई। घाटी में 21 दिसंबर से 31 जनवरी तक यानी 40 दिन की अवधि को सर्दी के मौसम का सबसे ठंडा समय माना जाता है क्योंकि यहां इस दौरान तापमान में काफी गिरावट आती है, जल स्रोत जम जाते हैं और घाटी में तापमान जमाव बिंदू (शून्य) से भी नीचे होने की वजह से पानी आपूर्ति में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ से हिमालय के ऊपरी हिस्सों के प्रभावित होने के चलते दिल्ली में न्यूनतम तापमान सोमवार को थोड़ी वृद्धि के साथ 5.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं हवा की गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में दर्ज की गई।
आदमपुर में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज
मौसम अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होगी। पंजाब और हरियाणा में भी शीत लहर चल रही है। पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अमृतसर भी सर्दी की चपेट में है और वहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा भी ठंड की चपेट में है और अम्बाला में रात में तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस जबकि हिसार में 5.5 और नारनौल में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर में अधिकारियों ने बताया कि बादल छाए रहने की वजह से न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई लेकिन फिर भी पारा जमाव बिंदू से नीचे रहा। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जो बीती रात के न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.2 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। वहीं पहलगाम में तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि गुलमर्ग में तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उत्तर भारत में ठंड से कई लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है और राज्य में दूरदराज के स्थानों पर शीतलहर चल रही है। सोनभद्र जिले में चुर्क राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा और यहां न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम अधिकारियों ने बताया कि राज्य में मौसम शुष्क है और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा और कुछ दूरदराज स्थानों पर कड़ाके की शीत लहर चल रही है। राज्य के पेचनेही गांव में 62 वर्षीय एक बुजुर्ग की कथित तौर पर सर्दी की वजह से मौत हो गई। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक तौर पर ऐसा प्रतीत होता है कि व्यक्ति की मौत सर्दी से हुई है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। राजस्थान में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा किपूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा में गंभीर शीत लहर जबकि गुजरात के कच्छ क्षेत्र, तेलंगाना, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के गंगा वाले क्षेत्र में शीत लहर चलने की संभावना है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS