Mausam Ki Jankari: पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी, उत्तर भारत में शीत लहर, अलर्ट जारी

Mausam Ki Jankari: पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी, उत्तर भारत में शीत लहर, अलर्ट जारी
X
Mausam ki jankari: पहाड़ों पर हो रही जबरदस्त बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। मैदानों से लेकर पहाड़ों तक कड़ाके की ठंड चल रही है। उत्तर भारत के अधिकतर शहर शीत लहर की चपेट में हैं।

Mausam ki jankari: पहाड़ों पर हो रही जबरदस्त बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। मैदानों से लेकर पहाड़ों तक कड़ाके की ठंड चल रही है। उत्तर भारत के अधिकतर शहर शीत लहर की चपेट में हैं। दिल्ली-एनसीआर में 3.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान ने सर्दी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी राज्यों में ठंड जो सितम ढा रही है, उसकी मुख्य वजह पहाड़ों पर भारी बर्फबारी है। उत्तरी भारत के ज्यादातर हिस्सों में औसत न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। तापमान में गिरावट के साथ कंपाने वाली सर्दी का प्रकोप बढ़ रहा है। दरअसल, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में जबरदस्त बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर जितनी बर्फबारी होगी, मैदानों में उतनी ही ठंड बढ़ेगी।

एक हफ्ते तक जारी रहेगी कड़ाके की सर्दी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले सप्ताह तक ऐसी ही ठंड की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, एक हफ्ते बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले सप्ताह उत्तर भारत में रात का तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा। विभाग ने 24 से 30 दिसंबर तक के लिए अपने पूर्वानुमान में कहा कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहेगा।

कश्मीर में पानी की लाइनों में जमा पानी

मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि आसमान में बादल छाए रहने की वजह से कल रात समूची कश्मीर घाटी में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई लेकिन न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सर्दी की वजह से घाटी के कई इलाकों में पानी की लाइनें और जलाशयों में पानी जम गया। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे एक रात पहले पारा शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे तक चला गया था।


हिमाचल में तापमान शून्य से नीचे गया

मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि इस महीने के अंत तक केंद्र शासित प्रदेश में भारी बर्फबारी का अनुमान नहीं है जबकि कश्मीर के कुछ स्थानों पर सोमवार को हल्की बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं और कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया है। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है जहां तापमान शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। केलांग, काल्पा, मनाली और मंडी में पिछले 24 घंटे में तापमान शून्य से नीचे रहा।

पंजाब और हरियाणा में रेकॉर्ड तोड़ सर्दी

पंजाब और हरियाणा में पिछले कुछ दिन से सर्द हवाओं का प्रकोप जारी है और मौसम विभाग के अनुसार आदमपुर में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया जो शून्य डिग्री सेल्सियस के स्तर पर रहा। आदमपुर जहां पंजाब में सबसे ठंडा स्थान रहा, वहीं अमृतसर में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में भी कड़ाके की सर्दी से मामूली राहत मिली है जहां बीती शनिवार रात न्यूनतम तापमान माउंट आबू में शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

राजस्थान में बर्फीली हवाओं ने मचाया कहर

मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों में राजस्थान के ज्यादातर भागों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने और सोमवार से राज्य में शीतलहर से राहत मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में चुरू में यह मामूली सुधार के साथ 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा सीकर में 2.0 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में यह 2.8 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 2.9 डिग्री सेल्सियस, चित्तौड़गढ़ में 4.0 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 5.2 डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 5.9 डिग्री सेल्सियस व कोटा में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में रात का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा हालांकि रविवार को भी सुबह से ही अच्छी धूप खिली रही।

उत्तर प्रदेश का मौसम

आईएमडी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर 'ठंडे दिन' के हालात रहे। राज्य में मुजफ्फरनगर दो डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे सर्द स्थान रहा। लखनऊ में तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं इलाहाबाद में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार "ठंडा दिन" तब होता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे होता है। "बेहद ठंडा दिन" तब होता है जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे होता है।

Tags

Next Story