Mausam ki Jankari: अगले एक सप्ताह तक उत्तर भारत में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, ऑरेंज अलर्ट जारी

Mausam ki Jankari: अगले एक सप्ताह तक उत्तर भारत में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, ऑरेंज अलर्ट जारी
X
Mausam ki Jankari: भारत के मैदानी क्षेत्रों में अगले एक हफ्ते तक कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। देश के उत्तरी क्षेत्र के मैदानी इलाकों में सर्द हवा चलने के चलते ठंड काफी बढ़ गई है।

Mausam ki Jankari: भारत के मैदानी क्षेत्रों में अगले एक हफ्ते तक कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। देश के उत्तरी क्षेत्र के मैदानी इलाकों में सर्द हवा चलने के चलते ठंड काफी बढ़ गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज कहा कि अगले सप्ताह के दौरान उत्तर भारत में रात का तापमान सामान्य से नीचे रहेगा और एक हफ्ते बाद ही थोड़ी राहत की उम्मीद की जा सकती है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, विभाग ने 17-24 दिसंबर और 24-30 दिसंबर तक के अपने पूर्वानुमान में कहा कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहेगा।

पंजाब-हरियाणा में शीतलहर

मौसम विभाग के अनुसार 24 दिसंबर तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में शीत लहर (Cold Wave) बढ़ जाएगी। बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शीतलहर सोमवार तक जारी रह सकती है। अमृतसर में पारा 0.4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने के साथ पंजाब-हरियाणा शीतलहर की चपेट में हैं।

यूपी के कुछ हिस्सों में गंभीर ठंड की स्थिति

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर पिछले 24 घंटों में कड़ाके की ठंड रही। घने कोहरे और ठंड की स्थिति पश्चिम और पूर्वी यूपी में देखने को मिली। शुक्रवार को फुर्सतगंज (रायबरेली) का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो उत्तर प्रदेश में सबसे ठंडे स्थान के रूप में दर्ज हुआ। जबकि झांसी में राज्य में सबसे अधिक 23.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार सुबह के लिए राज्य के अलग-अलग स्थानों पर शुष्क मौसम और उथले से मध्यम कोहरे का अनुमान लगाया है।


दिल्ली में शीतलहर ऑरेंज अलर्ट जारी

दिल्ली में पारा लगातार गिरता जा रहा है। मौसम विभाग ने माना है कि दिल्ली इस वक्त शीतलहर की चपेट में है। वहीं, ऐसा अनुमान है कि महीने के अंत तक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। पहाड़ों पर हुई जोरदार बर्फबारी से मैदानी इलाकों में पाला पड़ रहा है। दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में बफीर्ली हवाओं से पारा लुढ़क कर 3 डिग्री पहुंच गया है। पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। दिल्ली में शुक्रवार की सुबह का तापमान 3 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। लगातार गिर रहे तापमान और शीत लहर के कारण आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

MP में कड़ाके की ठंड, दतिया में 3 डिग्री तक पहुंचा पारा

मध्य प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दतिया में तो न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक पहुंच गया है। भोपाल मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक जीडी मिश्रा के मुताबिक मध्य प्रदेश के 23 वेदर स्टेशनों पर शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3 से लेकर 10 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। इनमें से छह वेदर स्टेशन ऐसे हैं जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।

श्रीनगर और गुलमर्ग में जीरो डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा तापमान

श्रीनगर और गुलमर्ग समेत कश्मीर घाटी के कई शहरों में रात का तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 21-22 दिसंबर को घाटी में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है।

हिमाचल का मौसम

शिमला के मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में पारा शून्य के नीचे 10 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। लगातार बर्फबारी की बजह से तापमान प्रतिदिन गिरता जा रहा है।

Tags

Next Story